UP News: मां विन्ध्यवासिनी देवी धाम में कारीडोर निर्माण से श्रद्धालुओं को दर्शन में मिली है बड़ी सुविधा-अब सुगमता से हो रहे है दर्शन -योगी आदित्यनाथ
UP News: The construction of a corridor at the Maa Vindhyavasini Devi Dham has greatly facilitated the experience for devotees—darshan (worship/viewing of the deity) can now be performed with ease. —Yogi Adityanath
UP News:प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने गुरुवार को मां विन्ध्यवासिनी देवी के धाम विन्ध्याचल पहुंचकर मां विन्ध्यवासिनी देवी का विधि विधान व मंत्रोच्चार के साथ दर्शन पूजन किया। मुख्यमंत्री ने मां के चरणों में मांथा टेककर प्रदेश की सुख समृद्धि, शान्ति और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री जी को विधायक नगर/तीर्थ पुरोहित रत्नाकर मिश्र ने दर्शन पूजन कराया। मा0 मुख्यमंत्री ने आज लगभग 10ः40 बजे मोतिया झील स्थित हेलीपैड पर पहुंचे जहां से विन्ध्याचल मन्दिर जाकर दर्शन पूजन किया। दर्शन पूजन के पश्चात मुख्यमंत्री जी द्वारा गंगा घाट स्थित विन्ध्याचल के पक्का घाट पहुंचकर गंगा नदी पर निर्माणाधीन घाटों का निरीक्षण किया तथा प्रगति के बारे में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण हो।
तत्पश्चात मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी विन्ध्याचल के कालीखोह मोड़ पर आयोजित जनसभा को भी सम्बोधित किया। उपस्थित जन समूह को सम्बोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार के द्वारा विन्ध्याचल मन्दिर कारीडोर, अयोध्या मन्दिर, काशी विश्वनाथ मन्दिर सहित धार्मिक व पर्यटन स्थलों का सर्वांर्गीण विकास किया गया है। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों का विकास एवं श्रद्धालुओं को सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। धार्मिक स्थलों का विकास होने से उत्तर प्रदेश के पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा मिला है वहीं स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी पैदा होते है। मां विन्ध्यवासिनी देवी धाम, कारीडोर इसी दिशा में किए गए कार्यो का एक जीवन्त उदाहरण है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में लगातार सुविधाएं विकसित की जा रही है।
इसी क्रम में विन्ध्याचल मण्डल में दो मेडिकल कालेज एवं दो राज्य विश्वविद्यालयों का संचालन भी प्रारम्भ हो चुका है। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय विद्यार्थियों/युवाओं को अपने जनपद और आस पास के क्षेत्रों में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि जनपद भदोही में काशी नरेश विश्वविद्यालय एवं जनपद मीरजापुर में मां विन्ध्यवासिनी राज्य विश्वविद्यालय तथा मीरजापुर तथा सोनभद्र जैसे क्षेत्रों में चिकित्सा, शिक्षा की सुविधाएं विकसित हुई है इससे विद्यार्थियों को लाभ मिलने के साथ ही क्षेत्र के विकास को गति मिली है। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में प्रदेश में सरकार बनने के बाद साढ़े नौ वर्षो में साढ़े नौ लाख नौजवानों व स्नातकों को सरकारी नौकरी दी गई है। सुरक्षा बेहतरीन वातावरण बनाया गया है जिससे 65 लाख लोगों को विभिन्न क्षेत्रों में नौकरियां मिली है। उन्होंने कहा कि एक जनपद एक उत्पाद योजना के तहत तीन करोड़ से अधिक रोजगार विकसित किए गए है। आस्था भी आर्थिकी का कारण बन सकती है। प्रयागराज का महाकुम्भ, मां विन्ध्यवासिनी देवी धाम और काशी विश्वनाथ धाम इसके उदाहरण है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में वर्ष 2017 के पहले स्थिति ऐसी थी कि रामलला के दर्शन के लिए सकरे मार्गो से गुजरना पड़ता था और रामलला टाट के नीचे रहने के लिए मजबूर थे, स्वतंत्र भारत हम सबकों ललकारता था कि क्या यहीं स्वाधीनता है कि हमार प्रभु टाट के नीचे रहे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में आज भगवान राम के भव्य मन्दिर का निर्माण हो गया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की अनेक योजनाएं युवाओं के लिए चल रही है। दो करोड़ युवाओं को टेबलेट देने की योजना है जिसमें 62 लाख युवाओं को टेबलेट दिए जा चुके है। उन्होंने कहा स्नातक युवाओं को टेबलेट उपलब्ध कराकर डिजिटल अभियान को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग सेंटर प्रारम्भ किए गए है और वे पूर्णतया निशुल्क है और भौतिक तथा वर्चुअल और दोनो माध्यम से इसका लाभ ले सकते है। नीट, आई0आई0टी0, जे0ई0ई0, यू0पी0एस0सी0, लोक सेवा आयोग और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सरकार युवाओं के साथ खड़ा है। सरकार युवाओं की प्रतिभा और सामथ्र्य पर विश्वास करती है तथा उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध करा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 के पहले शिक्षकों का न सम्मान था, न सुरक्षा और न स्वास्थ्य की सुविधा थी, अब प्रदेश सरकार बेसिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षा के स्वावित्त पोषित संस्थानों सहित 15 लाख शिक्षकों को उनके परिवार सहित प्रतिवर्ष 05 लाख रूपये का स्वास्थ्य बीमा कवर दिया गया है। शिक्षकों सामाजिक सुरक्षा की गारंटी भी दी गई है, किसी घटना या दुर्घटना की स्थिति में 40 लाख रूपये लेकर डेढ़ करोड़ रूपये तक सामाजिक सुरक्षा की सुविधा उपलब्ध होंगी। हमारी सरकार शिक्षकों को सम्मान सुरक्षा और सुविधाएं देती है तथा शिक्षण संस्थानों को कायाकल्प से जोड़ती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सामने पहचान का संकट खढ़ा था परन्तु आज ऐसी समस्याएं नही है। मन्दिरों में सुविधाओं, बिजली, भय मुक्त वातावरण दिया गया है सरकार जनता के साथ और जनता के द्वार पर खड़ी है सेवा संकल्प अभियान के अन्तर्गत हर ब्लाक में शिविर लगाए गए और लोगों को शासन की योजनाओं से जोड़ने का कार्य हुआ है।
कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री औद्योगिक विकास निर्यात, एन0आर0आर0 विभाग नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्ग दर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की पहचान परसेप्शन दोनों बदले है। प्रदेश में आज सुशासन, मजबूत कानून व्यवस्था, औद्योगिक विकास और एक जनपद एक उत्पाद उत्तर प्रदेश की पहचान बन चुकी है। आज बुंदेलखण्ड से पश्चिमाचल और अवध से पूर्वांचल तक हर जनपद और गांव विकास की नई कहानी लिख रहा है। उत्तर प्रदेश अब सांस्कृतिक, आर्थिक और औद्योगिक विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
कैबिनेट मंत्री प्राविधिक शिक्षा एवं उपभोक्ता मामले उ0प्र0 आशीष पटेल ने जन समूह को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने उत्तर प्रदेश को विकास की नई दिशा दी है। युवाओं के लिए लगातार भर्ती एवं परीक्षाओं के परिणाम हो घोषित हो रहे है और युवाओं को नौकरियां मिल रही है। उन्होंने पुलिस एवं होमगार्ड भर्ती का उल्लेख करते हुए कहा कि भर्ती प्रकिया में पारदर्शिता सरकार की बड़ी उपलब्धि है योगी सरकार में कानून व्यवस्था में सुधार कर अपराधियों के विरूद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की है। कार्यक्रम का समापन क्षेत्रीय महामंत्री काशी क्षेत्र विद्याधर तिवारी ने मुख्यमंत्री सहित सभी अतिथियों का आभार प्रकट किया।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री समाज कल्याण संजीव गौड़, उपाध्यक्ष राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग सोहन लाल श्रीमाली, क्षेत्रीय महामंत्री काषी क्षेत्र विद्याधर तिवारी, जिला अध्यक्ष भाजपा लाल बहादुर सरोज, विधायक नगर रत्नाकर मिश्रा, सदस्य विधान परिषद श्याम नरायण सिंह उर्फ विनीत सिंह, विधायक चुनार अनुराग सिंह, विधायक मड़िहान रमाशंकर सिंह पटेल, अध्यक्ष जिला पंचायत राजू कनौजिया, विधायक मझवां सुचिस्मिता मौर्या, जिला अध्यक्ष अपना दल एस इंजीनियर राम लौटन बिन्द, विधायक छानबे रिंकी कोल, विधायक राबटसगंज भूपेश चौबे, विधायक ज्ञानपुर विपुल दूबे, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद मीरजापुर श्याम सुन्दर केसरी, पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश मंत्री राम कुमार विश्वकर्मा, नितिन विश्वकर्मा के अलावा अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहें।
मन्दिर दर्शन व घाटों के निरीक्षण के समय अपर महानिदेशक नवीन अरोड़ा, मण्डलायुक्त राजेश प्रकाश, उप पुलिस महानिरीक्षक पूनम, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक, अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 विनोद कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी भू0/रा0 विजेता, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह सहित अन्य सभी सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहें।



