Sports News-माई भारत पोर्टल पर शुरू हुई ‘खेलो भारत’ क्विज, 20 नवंबर तक चलेगी
Sports News – ‘Khelo Bharat’ quiz launched on the My Bharat portal; will run until November 20.
Sports News-युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के खेल विभाग ने बुधवार को माई भारत पोर्टल पर खेलो भारत: विनिर्माण से लेकर पदक जीतने तक की यात्रा पर प्रश्नोत्तरी शुरू की है। प्रश्नोत्तरी का उद्देश्य देश के खेल पारितंत्र को सुदृढ़ बनाना, घरेलू खेल सामग्री के विनिर्माण को बढ़ावा देना, एशियाई खेल-2026 और एशियाई पैरा खेल-2026 में भारत की उपलब्धियां तथा सरकार की पहल के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना है।
खेल मंत्रालय के अनुसार यह प्रश्नोत्तरी 20 नवंबर तक चलेगी, जिसे आम लोगों, विद्यार्थियों, युवाओं, पेशेवरों और खेल प्रेमियों को खेल सामग्री विनिर्माण एवं नवाचार से लेकर अंतरराष्ट्रीय खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन तक, भारत के बढ़ते खेल पारितंत्र की जानकारी प्राप्त करने और इसमें भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
प्रश्नोत्तरी में खेलो इंडिया खेल सामग्री विनिर्माण योजना को प्रमुखता से शामिल किया गया है, जिसके लिए 1,856.67 करोड़ रुपये का वित्तीय परिव्यय निर्धारित है। योजना का उद्देश्य भारत में घरेलू खेल सामग्री विनिर्माण पारितंत्र को सुदृढ़ बनाना है। इस योजना के दो घटक प्रोत्साहन और हस्तक्षेप हैं। इनमें निवेश सहायता, विनिर्माण क्षेत्र, मौजूदा क्लस्टर, उत्पादन प्रोत्साहन, प्रमाणन एवं परीक्षण, अनुसंधान, कौशल विकास, स्टार्टअप, ब्रांडिंग और प्रचार-प्रसार शामिल हैं। इन उपायों का उद्देश्य घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा देना, रोजगार के अवसर सृजित करना, निर्यात में बढ़ोतरी लाना तथा भारतीय खेल सामग्री निर्माताओं की वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता मजबूत बनाना है। प्रश्नोत्तरी में जापान में आयोजित एशियाई खेल और एशियाई पैरा खेल में भारत की भागीदारी से संबंधित विषय भी शामिल हैं।
प्रश्नोत्तरी में कोई आयु सीमा नहीं है और सभी भारतीय नागरिक हिस्सा ले सकते हैं। इसमें लिंग, शैक्षणिक योग्यता या राज्य के आधार पर कोई विशेष पात्रता प्रतिबंध नहीं है। प्रतिभागियों को 20 प्रश्नों के उत्तर देने के लिए 15 मिनट का समय मिलेगा। प्रश्नोत्तरी में भाग लेने से पहले उन्हें माई भारत पोर्टल पर उपलब्ध संदर्भ सामग्री का अध्ययन करना चाहिए।
प्रश्नोत्तरी के परिणामों के आधार पर शीर्ष 100 प्रतिभागियों को फिट इंडिया की ओर से उपहार सामग्री दी जाएगी। समान अंक मिलने की स्थिति में कंप्यूटर आधारित लॉटरी प्रणाली द्वारा विजेताओं का चयन किया जाएगा। प्रश्नोत्तरी के बाद प्रतिभागी सही उत्तर भी देख सकेंगे।
मंत्रालय ने देशभर के लोगों, विद्यार्थियों, युवाओं और खेल प्रेमियों से इस प्रश्नोत्तरी में भाग लेने तथा खेल विनिर्माण को सुदृढ़ बनाने, खेल प्रतिभाओं को निखारने और देश की खेल संबंधी आकांक्षाओं को आगे बढ़ाने के लिए केंद्रीय सरकार की पहल के बारे में अपनी समझ बढ़ाने का आह्वान किया।
प्रश्नोत्तरी का विवरण
प्रश्नोत्तरी का शीर्षक: खेलो भारत: विनिर्माण से लेकर पदक जीतने तक की यात्रा
प्रश्नोत्तरी की अवधि: 4 नवंबर से 20 नवंबर
समयावधि: 15 मिनट
प्रश्नों की संख्या: 20
पात्रता: कोई आयु सीमा नहीं, सभी भारतीय नागरिक भाग ले सकते हैं।
पुरस्कार: शीर्ष 100 प्रतिभागियों को फिट इंडिया की ओर से उपहार सामग्री प्रदान की जाएगी।
Read Also-New Delhi News-यूएन में पाकिस्तान समर्थित प्रस्ताव के खिलाफ भारत ने किया मतदान



