US Flight Disruption: अमेरिका में राउटर की खराबी से हवाई यातायात प्रभावित, 20 हजार उड़ानों में देरी
US Flight Disruption: FAA की संचार व्यवस्था पांच घंटे तक रही बाधित, L3Harris के लगाए राउटर पर गड़बड़ी की आशंका
US Flight Disruption: अमेरिका में हवाई यातायात संचालन से जुड़ी संचार व्यवस्था में आई तकनीकी खराबी ने बड़े पैमाने पर उड़ानों को प्रभावित किया। करीब पांच घंटे तक चली इस परेशानी के कारण 20 हजार से अधिक उड़ानें प्रभावित हुईं। सरकारी अधिकारियों ने शनिवार, 14 नवंबर को आशंका जताई कि इस व्यवधान की वजह राउटर में आई खराबी हो सकती है। ये राउटर L3Harris कंपनी की ओर से लगाए गए थे।
इस घटना ने अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) की पुरानी संचार और टेलीकॉम व्यवस्था की कमजोरियों को एक बार फिर उजागर कर दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, मौजूदा सिस्टम में पहले भी कई बार तकनीकी समस्याएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में इसे आधुनिक तकनीक से अपग्रेड करना जरूरी माना जा रहा है।
पांच घंटे तक बाधित रही संचार व्यवस्था
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी परिवहन सचिव शॉन डफी ने कहा कि FAA की संचार प्रणाली जरूरत के समय अपना काम ठीक से नहीं कर पाई। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को L3Harris की टीम टेलीकम्युनिकेशन लाइनों को पुरानी कॉपर वायर व्यवस्था से फाइबर ऑप्टिक तकनीक में बदलने के लिए रखरखाव का काम कर रही थी।
अधिकारियों ने रॉयटर्स को बताया कि अर्कांसस और टेक्सास में लगाए गए राउटर में तकनीकी समस्या होने की आशंका है। हालांकि, जांच पूरी होने से पहले खराबी की वास्तविक वजह की पुष्टि नहीं हुई है।
लापरवाही या खराब उपकरण, जांच में जुटे अधिकारी
परिवहन सचिव शॉन डफी ने कहा कि अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि तकनीकी गड़बड़ी किसी की लापरवाही के कारण हुई या L3Harris के इंस्टॉलेशन कार्य में कोई चूक हुई। यह भी जांच की जा रही है कि कहीं कंपनी की ओर से खराब राउटर तो नहीं लगाया गया था।
उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल यह तय नहीं हो सका है कि संचार व्यवस्था ठप होने की वास्तविक वजह क्या थी। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
L3Harris ने जांच में सहयोग का दिया भरोसा
L3Harris कंपनी ने कहा है कि वह इस घटना को गंभीरता से ले रही है और FAA की जांच में पूरा सहयोग कर रही है। कंपनी के मुताबिक, वह यह समझने में मदद कर रही है कि 13 नवंबर को देश की हवाई यात्रा सेवा प्रभावित होने के पीछे किन परिस्थितियों की भूमिका रही।
कंपनी ने यह भी बताया कि पुरानी कॉपर वायर व्यवस्था को फाइबर ऑप्टिक सिस्टम में बदलने का 70 प्रतिशत से अधिक काम पूरा किया जा चुका है।
पुरानी संचार व्यवस्था को आधुनिक बनाने की तैयारी
अमेरिकी FAA अपनी पुरानी कॉपर वायर आधारित संचार व्यवस्था के रखरखाव पर हर साल करीब एक अरब डॉलर खर्च करता है। इसके बावजूद सिस्टम में समय-समय पर तकनीकी दिक्कतें सामने आती रही हैं।
पिछले कुछ वर्षों में फाइबर केबल कटने, गलती से फाइलें डिलीट होने और उपकरणों के खराब होने जैसी घटनाओं के कारण संचार व्यवस्था प्रभावित हुई है। अधिकारी मानते हैं कि जब तक पुरानी प्रणाली को पूरी तरह आधुनिक तकनीक से नहीं बदला जाता, तब तक इस तरह की समस्याओं का खतरा बना रह सकता है।



