Vu TV Launch: Vu ने लॉन्च की नई प्रीमियम टीवी सीरीज, 115 इंच की स्क्रीन और AI फीचर्स से लैस हैं मॉडल
Vu TV Launch: Masterpiece AEye TV रेंज में 55 से 115 इंच तक के छह स्क्रीन विकल्प, कीमत 75 हजार से शुरू होकर 13 लाख रुपये तक
Vu TV Launch: टेलीविजन बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए Vu ने भारत में नई Masterpiece AEye TV सीरीज पेश की है। कंपनी की इस प्रीमियम रेंज में बड़े स्क्रीन साइज के साथ आधुनिक डिस्प्ले और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित तकनीक दी गई है। नई सीरीज में 55 इंच से लेकर 115 इंच तक के छह स्क्रीन विकल्प उपलब्ध हैं। इनमें RGB MiniLED डिस्प्ले, ऑटोमैटिक ब्राइटनेस कंट्रोल, 360 डिग्री सराउंड साउंड और Gemini AI आधारित Google TV जैसे फीचर्स शामिल हैं।
कंपनी ने इन टीवी को खास तौर पर बेहतर पिक्चर क्वालिटी और दमदार ऑडियो अनुभव को ध्यान में रखकर तैयार किया है। नई रेंज की बिक्री 12 नवंबर 2026 से देश के प्रमुख रिटेल स्टोर्स पर शुरू हो गई है।
75 हजार रुपये से शुरू है कीमत
Vu Masterpiece AEye TV सीरीज को अलग-अलग स्क्रीन साइज और बजट के हिसाब से पेश किया गया है। इसके 55 इंच मॉडल की कीमत 75,000 रुपये रखी गई है। वहीं, 65 इंच वाले टीवी के लिए 95,000 रुपये खर्च करने होंगे।
कंपनी के मुताबिक, 75 इंच मॉडल की कीमत 1.30 लाख रुपये, 85 इंच की 1.75 लाख रुपये और 98 इंच वाले वेरिएंट की कीमत 2.95 लाख रुपये है। सीरीज का सबसे बड़ा 115 इंच मॉडल 13 लाख रुपये में उपलब्ध होगा।
कमरे की रोशनी के हिसाब से बदलेगी स्क्रीन की ब्राइटनेस
नई टीवी सीरीज का प्रमुख फीचर Intelligent Brightness Control है। इसमें एम्बिएंट लाइट सेंसर और AI इंजन का इस्तेमाल किया गया है। यह तकनीक कमरे में मौजूद रोशनी और स्क्रीन पर चल रहे कंटेंट के अनुसार ब्राइटनेस, कंट्रास्ट तथा कलर टेम्परेचर को अपने आप एडजस्ट करती है।
उदाहरण के तौर पर, अंधेरे दृश्यों, खेलों के प्रसारण और HDR कंटेंट के दौरान टीवी अपनी पिक्चर सेटिंग्स में बदलाव कर सकता है। शाम के समय स्क्रीन के रंगों को अधिक गर्म टोन में भी बदला जा सकता है। कंपनी का दावा है कि इस तकनीक से लंबे समय तक टीवी देखने के दौरान आंखों पर पड़ने वाली थकान कम करने में मदद मिल सकती है।
RGB MiniLED डिस्प्ले से मिलेगी बेहतर पिक्चर क्वालिटी
Vu की इस सीरीज में RGB MiniLED डिस्प्ले तकनीक दी गई है। 55 से 98 इंच तक के मॉडल में 2,500 निट्स तक XDR ब्राइटनेस मिलती है, जबकि 115 इंच वाले बड़े मॉडल में अधिकतम 3,000 निट्स तक ब्राइटनेस का दावा किया गया है।
इन टीवी में AI मैपिंग के साथ Full Array Local Dimming तकनीक भी मौजूद है। छोटे स्क्रीन मॉडल में 2,000 तक डिमिंग जोन दिए गए हैं, जबकि 115 इंच वाले वेरिएंट में इनकी संख्या 2,696 तक है। इसके अलावा तेजी से बदलते दृश्यों को बेहतर तरीके से दिखाने के लिए 288Hz Fluid Motion और Hyper-Motion AI Engine दिया गया है।
बड़े मॉडल में 240W का साउंड आउटपुट
कंपनी ने टीवी की ऑडियो क्षमता पर भी खास ध्यान दिया है। 55 से 98 इंच तक के मॉडल में 110W का VuFx साउंड सिस्टम दिया गया है। वहीं, 115 इंच वाले वेरिएंट में 240W का साउंड आउटपुट और 10 ड्राइवर मिलते हैं।
सभी मॉडल Dolby Atmos और AI Crystal-Clear Voice सपोर्ट के साथ आते हैं। इससे फिल्में, खेल और अन्य वीडियो कंटेंट देखते समय बेहतर ऑडियो अनुभव मिलने की उम्मीद है।
Gemini AI वाले Google TV का सपोर्ट
Vu Masterpiece AEye TV सीरीज के सभी मॉडल Gemini AI आधारित Google TV पर काम करते हैं। इनमें 3GB रैम और 32GB इंटरनल स्टोरेज दिया गया है। साथ ही दो Bluetooth वॉयस रिमोट भी मिलते हैं।
डिजाइन की बात करें तो टीवी में स्लिम प्रोफाइल, एल्युमिनियम-अलॉय बॉडी और Armani Gold फिनिश दी गई है। Personalised Frame Mode की मदद से टीवी बंद रहने पर भी स्क्रीन पर अपनी पसंद की तस्वीरें या आर्टवर्क दिखाए जा सकते हैं।



