NEET UG 2026: मेडिकल दाखिले का अंतिम अवसर, BDS और BSc नर्सिंग की 71 रिक्त सीटों पर काउंसलिंग शुरू
NEET UG 2026: एमसीसी ने छठे और अंतिम राउंड का कार्यक्रम जारी किया, 19 नवंबर तक चॉइस फिलिंग; एमबीबीएस की 411 खाली सीटों पर अब भी स्थिति स्पष्ट नहीं
NEET UG 2026: मेडिकल और डेंटल पाठ्यक्रमों में प्रवेश की प्रतीक्षा कर रहे नीट यूजी अभ्यर्थियों के लिए दाखिले का एक और अवसर सामने आया है। मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (एमसीसी) ने नीट यूजी 2026 के तहत बीडीएस और बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रमों की खाली सीटों को भरने के लिए छठे तथा अंतिम राउंड की काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस चरण में देश के विभिन्न संस्थानों की कुल 71 रिक्त सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा।
एमसीसी की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक, इस काउंसलिंग में बीडीएस की 53 और बीएससी नर्सिंग की 18 सीटें शामिल हैं। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थियों को निर्धारित समय के भीतर पंजीकरण, शुल्क भुगतान और कॉलेजों के विकल्प भरने की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। यह राउंड इन दोनों पाठ्यक्रमों की उपलब्ध रिक्त सीटों को भरने का अंतिम अवसर है।
बीडीएस की 53 सीटों में 48 सरकारी कॉलेजों की
जारी वैकेंसी मैट्रिक्स के अनुसार, बीडीएस की कुल 53 खाली सीटों में 48 सरकारी और पांच निजी कॉलेजों में उपलब्ध हैं। सरकारी संस्थानों की 47 सीटें ऑल इंडिया स्टेट कोटे के तहत असम, छत्तीसगढ़, गोवा, हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक, केरल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, मणिपुर, पुडुचेरी, राजस्थान, तमिलनाडु, त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल में हैं। इसके अतिरिक्त एक सीट ईएसआई कोटे में रखी गई है।
वहीं, निजी डेंटल कॉलेजों की पांच रिक्त सीटें कर्नाटक, महाराष्ट्र और तमिलनाडु के चुनिंदा संस्थानों में उपलब्ध हैं। अभ्यर्थियों को विकल्प भरने से पहले संबंधित कॉलेज और सीट की पात्रता संबंधी जानकारी ध्यान से देखनी चाहिए।
बीएससी नर्सिंग की सभी 18 सीटें सरकारी संस्थानों में
बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम की सभी 18 रिक्त सीटें सरकारी संस्थानों और केंद्रीय अस्पतालों से जुड़े कॉलेजों में हैं। इनमें दिल्ली के मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज (एमएएमसी), डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल (आरएमएल), राजकुमारी अमृत कौर कॉलेज ऑफ नर्सिंग, कर्नाटक के संस्थान और उत्तर प्रदेश स्थित काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) शामिल हैं।
इन सीटों पर प्रवेश के इच्छुक उम्मीदवारों को काउंसलिंग के दौरान उपलब्ध विकल्पों और संबंधित संस्थानों की शर्तों के अनुसार चॉइस फिलिंग करनी होगी।
छठे राउंड की महत्वपूर्ण तारीखें
एमसीसी के कार्यक्रम के अनुसार, छठे राउंड के लिए पंजीकरण 17 नवंबर 2026 से शुरू हुआ। पंजीकरण की अंतिम तारीख 18 नवंबर शाम छह बजे निर्धारित की गई है। शुल्क जमा करने के लिए इसी दिन रात नौ बजे तक का समय दिया गया है।
चॉइस फिलिंग की प्रक्रिया 19 नवंबर सुबह 10 बजे तक पूरी करनी होगी। चॉइस लॉकिंग 18 नवंबर शाम पांच बजे से 19 नवंबर सुबह 10 बजे तक निर्धारित है। इसके बाद 19 नवंबर को सीट आवंटन की प्रक्रिया होगी और 20 नवंबर को परिणाम जारी किया जाएगा।
सीट पाने वाले अभ्यर्थियों को 21 से 28 नवंबर 2026 के बीच संबंधित कॉलेज में रिपोर्ट करना होगा। निर्धारित समयसीमा का पालन करना जरूरी है, क्योंकि किसी भी चरण में देरी होने पर प्रवेश प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।
एमबीबीएस की 411 सीटें खाली, नए राउंड का इंतजार
बीडीएस और बीएससी नर्सिंग की काउंसलिंग शुरू होने के बीच एमबीबीएस की खाली सीटों को लेकर भी अभ्यर्थियों की चिंता बनी हुई है। एमसीसी के स्पेशल स्ट्रे वैकेंसी राउंड की सीट मैट्रिक्स में एमबीबीएस की कुल 948 सीटें शामिल थीं। इनमें से 537 सीटों पर आवंटन हुआ, जबकि 411 सीटें अब भी खाली रह गईं।
मेडिकल शिक्षा से जुड़े विशेषज्ञों के अनुसार, देश में एमबीबीएस सीटों की मांग को देखते हुए इतनी बड़ी संख्या में सीटों का खाली रह जाना चिंता का विषय है। हालांकि, एमसीसी की ओर से फिलहाल एमबीबीएस के लिए किसी नए काउंसलिंग राउंड की घोषणा नहीं की गई है।
विशेषज्ञों का मानना है कि इन रिक्त सीटों को भरने के लिए आगे की प्रक्रिया तभी संभव हो सकती है, जब अदालत की ओर से कोई नया निर्देश या अनुमति मिले। फिलहाल जारी छठे राउंड का कार्यक्रम केवल बीडीएस और बीएससी नर्सिंग की 71 सीटों के लिए है। एमबीबीएस की खाली सीटों को लेकर उम्मीदवारों को एमसीसी के अगले आधिकारिक फैसले का इंतजार करना होगा।



