International News: यूएन में बोला भारतः एआई खतरों से निपटना जरूरी, ‘ब्लैक सी’ में सुरक्षित हो सप्लाई चेन
International News: India at the UN: Addressing AI risks is essential; supply chains in the 'Black Sea' must be secure.
International News:भारत ने वैश्विक मंच पर उभरती प्रौद्योगिकियों के सुरक्षित और न्यायसंगत उपयोग को लेकर अपना दृष्टिकोण स्पष्ट किया है। “तेजी से होते तकनीकी बदलावों के दौर में संघर्ष समाधान” विषय पर आयोजित संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) की उच्च-स्तरीय खुली बहस में भारत ने चार मुख्य सिद्धांतों पर विशेष जोर दिया। लातविया की अध्यक्षता में बुलाई गई इस बैठक में भारत का पक्ष रखते हुए संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पी. हरीश ने कहा कि तकनीक को हमेशा मानव-केंद्रित और वैश्विक शांति का साधन बने रहना चाहिए, न कि वह स्वयं में एक लक्ष्य बन जाए।
यूएन स्थित भारत के स्थायी मिशन ने कहा, राजदूत हरीश ने चार प्रमुख बिंदुओं को रेखांकित किया। पहला, तकनीक मानव-केंद्रित रहे और शांति स्थापना में सहायक बने। दूसरा, संघर्ष की स्थितियों में नई तकनीकों का इस्तेमाल पूरी तरह जिम्मेदारीपूर्ण, मानव-केंद्रित, संप्रभुता का सम्मान करने वाला और अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप होना चाहिए। तीसरा, हमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) जैसी उभरती तकनीकों के दुरुपयोग, विशेष रूप से आतंकवादियों और नॉन-स्टेट तत्वों द्वारा इसके इस्तेमाल से पैदा होने वाले गंभीर खतरों से निपटना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि घातक स्वायत्त हथियार प्रणालियों के निर्णय की जिम्मेदारी हमेशा इंसानों के पास ही रहनी चाहिए।
चौथे बिंदु पर जोर देते हुए भारतीय राजदूत ने कहा कि तकनीकी बदलावों के कारण दुनिया में पहले से मौजूद असमानताएं और गहरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने निर्यात नियंत्रण के नाम पर तकनीक से वंचित रखने और ग्लोबल साउथ के देशों को केवल एक उपभोक्ता मात्र समझने की प्रवृत्ति पर चिंता जताई।
इससे ठीक एक दिन पहले, राजदूत हरीश ने यूएनएससी की एक अन्य उच्च-स्तरीय ब्रीफिंग में भी भारत का बयान रखा था। इस दौरान उन्होंने महत्वपूर्ण ऊर्जा बुनियादी ढांचे और वैश्विक खाद्य आपूर्ति के लिए ‘ब्लैक सी’ (काला सागर) की जीवन-रेखाओं की सुरक्षा पर जोर दिया। उन्होंने वाणिज्यिक जहाजों और नाविकों पर हमलों को तत्काल रोकने तथा संवाद व कूटनीति के माध्यम से संघर्ष समाप्त करने की भारत की प्रतिबद्धता दोहराई।



