adevertisment Adevertiisment banner

International News-नेपाल में 13 साल के बच्चों को भी काम करने की अनुमति देने के प्रस्ताव पर विवाद

International News - Controversy over proposal to allow 13-year-olds to work in Nepal

International News- नेपाल में 13 साल की उम्र पूरी कर चुके बच्चों को कुछ निर्धारित हल्के काम करने की अनुमति देने के सरकारी प्रस्ताव पर संसद की समिति में विवाद शुरू हो गया है। सरकार ने बाल श्रम (निषेध एवं नियमन) विधेयक-2026 में माता-पिता या अभिभावकों की सहमति से 13 साल के बच्चों को सीमित काम करने की अनुमति देने का प्रस्ताव रखा है। वहीं, विपक्षी सांसदों ने 15 साल से कम उम्र के बच्चों से किसी भी तरह का श्रम या रोजगार कराने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने की मांग की है।

नेपाली संसद के निचले सदन प्रतिनिधि सभा की उद्योग, वाणिज्य, श्रम तथा उपभोक्ता हित समिति में विधेयक पर सैद्धांतिक चर्चा के दौरान यह मुद्दा प्रमुखता से उठा। सांसदों के बीच इस बात को लेकर मतभेद सामने आए कि नेपाल में रोजगार के लिए न्यूनतम उम्र 13 साल होनी चाहिए या 15 साल। युवा, श्रम तथा रोजगार मंत्री रामजी यादव ने सरकारी प्रस्ताव का बचाव करते हुए कहा कि नेपाल में अभी भी लगभग 11 लाख बच्चे बाल श्रम में लगे हुए हैं। सरकार का उद्देश्य इस संख्या को कम करना है।

उन्होंने कहा कि केवल कानून बनाकर बच्चों के काम करने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा देना समस्या का व्यावहारिक समाधान नहीं है। गरीबी, पारिवारिक परिस्थितियों और अभिभावकों की अनुपस्थिति जैसी समस्याओं के कारण कई बच्चे काम करने को मजबूर हैं। ऐसी स्थिति में जब तक राज्य उन बच्चों की पूरी जिम्मेदारी लेने में सक्षम नहीं होता, तब तक केवल पूर्ण प्रतिबंध लगाना प्रभावी नहीं होगा।

मंत्री ने कहा कि विधेयक तैयार करते समय बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, शारीरिक और मानसिक विकास, गरीबी, पारिवारिक स्थिति तथा कानून लागू करने की सरकारी क्षमता को ध्यान में रखा गया है। उन्होंने कहा, “हमने वैज्ञानिक आधार पर 13 साल की उम्र निर्धारित की है। केवल अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन के प्रावधानों का अनुसरण करने के बजाय नेपाल की परिस्थितियों के अनुसार यह प्रस्ताव तैयार किया गया है।”

प्रस्तावित विधेयक की धारा 3 के अनुसार 15 साल से कम उम्र के बच्चों को बाल विकास से संबंधित गतिविधियों के अलावा किसी भी काम में नहीं लगाया जा सकेगा। हालांकि इसमें 13 साल की उम्र पूरी कर चुके बच्चों के लिए विशेष छूट का प्रावधान किया गया है। इसके तहत बच्चे और उनके माता-पिता या अभिभावकों की सहमति से उन्हें अनुसूची-1 में निर्धारित हल्के काम करने की अनुमति दी जा सकेगी। यह काम स्कूल के समय से पहले या बाद में अथवा छुट्टियों के दौरान ही किया जा सकेगा। इससे बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य और विकास प्रभावित नहीं होना चाहिए। प्रस्तावित अनुसूची में पांच श्रेणियों के तहत कई तरह के काम शामिल किए गए हैं।

समिति के सभापति रहबर अंसारी ने कहा कि विधेयक को अधिक प्रगतिशील बनाया जाना चाहिए और बच्चों से काम कराने वाले नियोक्ताओं के लिए इसे आर्थिक रूप से महंगा बनाया जाना चाहिए। बाल श्रम सस्ता श्रम उपलब्ध कराने का माध्यम है, इसलिए जुर्माना, कानूनी जवाबदेही और पुनर्वास के प्रावधान मजबूत होने चाहिए। उन्होंने बताया कि समिति अब सांसदों की ओर से दर्ज संशोधन प्रस्तावों पर धारा-दर-धारा चर्चा करेगी और विधेयक को अंतिम रूप देने से पहले विशेषज्ञों तथा संबंधित मंत्रालय के साथ भी विचार-विमर्श करेगी।

हालांकि प्रस्तावित विधेयक का सत्तारूढ़ दल के कुछ सांसदों ने भी विरोध किया है। राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के सांसदों ने विधेयक में बच्चों की सुरक्षा, पुनर्वास और गरीब परिवारों की आर्थिक स्थिति सुधारने से जुड़े प्रावधानों को मजबूत करने की मांग की। सांसद सोम शर्मा ने कहा कि बाल श्रम का सीधा संबंध गरीबी, अभिभावकों की सुरक्षा की कमी और परिवार की आर्थिक स्थिति से है। सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि कम आय वाले परिवार अपने बच्चों को काम पर भेजने के लिए मजबूर न हों।

आरएसपी सांसद प्रभा कार्की ने कहा कि बाल श्रम से बचाए गए बच्चों की सुरक्षा और पुनर्वास की जिम्मेदारी राज्य को तत्काल लेनी चाहिए। उन्होंने सुरक्षित आवास, स्कूलों में पुनः दाखिला और घरेलू बाल श्रम पर नियंत्रण के लिए स्पष्ट कानूनी व्यवस्था बनाने की मांग की। बाल श्रम कराने वाले नियोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ गरीब परिवारों को सामाजिक सुरक्षा, कौशल प्रशिक्षण, रोजगार के अवसर और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना भी जरूरी है।

सांसद प्रकाश पाठक ने शरणार्थी बच्चों और नेपाल की खुली सीमा के रास्ते आने वाले बच्चों को भी बाल श्रम से बचाने के लिए विशेष प्रावधान करने की आवश्यकता बताई।

उधर, विपक्षी सीपीएन (यूएमएल) की सांसद गंगादेवी श्रेष्ठ ने कहा कि पहले सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर अधिक दिखाई देने वाला बाल श्रम अब धीरे-धीरे छिपे हुए स्थानों पर होने लगा है। उन्होंने इसके पीछे के कारणों की जांच करने की जरूरत बताई। उन्होंने गरीबी, बेरोजगारी, प्राकृतिक आपदाओं, माता-पिता के विदेश पलायन, अभिभावकों की मृत्यु, आवासीय संस्थानों से बच्चों के बाहर आने और शिक्षा में असमान पहुंच को बाल श्रम बढ़ने के प्रमुख कारणों में शामिल किया।

इन कार्यों की अनुमति-

बीज बोना, पौधे लगाना, किचन गार्डन में पानी देना, निराई-गुड़ाई करना, फूल एवं फल तोड़ना, पशुओं को चारा देना तथा दूध निकालने में सहायता करना।

घर की सफाई, हल्के बर्तन धोना, खाना बनाने में सहायता, छोटे भाई-बहनों की देखभाल, वॉशिंग मशीन का इस्तेमाल और हल्का सामान लाना।

ऊन कातना, बुनाई करना, टोकरी और मिट्टी के बर्तन बनाना, सामान्य सिलाई, कपड़ों में बटन लगाना और फूलों की माला बनाना।

दुकानों में सामान व्यवस्थित करना, सामान्य सफाई, दस्तावेजों की फाइलिंग, सामान वितरित करना, बिल बनाना, हिसाब-किताब में सहायता, पुस्तकालय और कार्यालय में सहयोग तथा टेलीफोन रिसीव करना।

सार्वजनिक उद्यानों और स्कूल परिसरों की सफाई, पुस्तकालय में किताबें व्यवस्थित करना, छोटे बच्चों को पढ़ाना, साक्षरता अभियान में सहयोग तथा धार्मिक, सांस्कृतिक और स्कूल के सुरक्षित नाट्य कार्यक्रमों में भाग लेना।

काम के घंटे भी होंगे निर्धारित-

विधेयक में अलग-अलग आयु वर्ग के बच्चों के लिए काम करने की अधिकतम समय सीमा निर्धारित करने का प्रस्ताव है।

– 13 से 15 साल के बच्चे प्रतिदिन अधिकतम 2 घंटे और सप्ताह में 12 घंटे काम कर सकेंगे।

– 15 से 18 साल के किशोर प्रतिदिन अधिकतम 6 घंटे और सप्ताह में 36 घंटे काम कर सकेंगे।

इसके अलावा बच्चों से शाम 6 से सुबह 6 बजे तक काम नहीं कराया जा सकेगा। लगातार तीन घंटे काम करने के बाद 30 मिनट का विश्राम देना अनिवार्य होगा। प्रत्येक सप्ताह एक दिन का सवैतनिक अवकाश भी देना होगा। नियोक्ताओं को बच्चों को काम पर रखने से पहले आवश्यक प्रशिक्षण और स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था करनी होगी। स्वास्थ्य की दृष्टि से काम के लिए अनुपयुक्त पाए जाने वाले बच्चों को रोजगार नहीं दिया जा सकेगा।

क्या है विपक्ष की मांग-

नेपाली कांग्रेस के सांसदों रेखा कुमारी यादव, कालीबहादुर सहकारी, हरिनादेवी कामी और निनु कुमारी कर्ण ने विधेयक में संशोधन प्रस्ताव दर्ज कराते हुए 15 साल से कम उम्र के बच्चों को सभी प्रकार के श्रम और रोजगार से पूरी तरह प्रतिबंधित करने की मांग की है। वहीं, नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी के सांसद रमेश कुमार मल्ल ने न्यूनतम कामकाजी उम्र 13 से बढ़ाकर 15 साल करने का प्रस्ताव दिया है।

सीपीएन (यूएमएल) के सांसद कृपाराम राणा ने संविधान के अनुच्छेद 39(4) और अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन (आईएलओ) के कन्वेंशन नंबर 138 का हवाला देते हुए सरकार से पूछा कि क्या प्रस्तावित विधेयक बच्चों के संवैधानिक अधिकारों और अंतरराष्ट्रीय श्रम मानकों के अनुरूप है। आईएलओ कन्वेंशन नंबर 138 में रोजगार के लिए न्यूनतम उम्र निर्धारित करने का प्रावधान है।

नेपाली कांग्रेस के सांसद कालीबहादुर सहकारी ने कहा कि 11-12 साल के बच्चे भी स्कूलों, स्वास्थ्य संस्थानों, होटलों और अन्य क्षेत्रों में काम कर रहे हैं। कानून ऐसा होना चाहिए जिससे बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, आराम और समग्र विकास प्रभावित न हो।

Read Also-UP News : यूपी में एमडीए अभियान, पहले सप्ताह में 23.33 लाख लोगों ने खाई फाइलेरिया रोधी दवा – सात जिलों में धीमी रफ्तार

Related Articles

Back to top button