International News: भारतीय सॉफ्ट पावर का डंकाः वेनिस बिएनाले में मिला बेस्ट नेशनल पैवेलियन अवॉर्ड
International News: Indian soft power shines: Wins 'Best National Pavilion' award at the Venice Biennale
International News:भारत ने वैश्विक कला और संस्कृति के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए कला जगत के ‘ओलंपिक’ माने जाने वाले प्रतिष्ठित ‘वेनिस आर्ट बिएनाले’ में ‘बेस्ट नेशनल पैवेलियन, विजिटर्स लायन’ (सर्वश्रेष्ठ राष्ट्रीय मंडप) का सर्वोच्च पुरस्कार अपने नाम किया है। इटली के वेनिस में करीब दो सप्ताह तक चले इस भव्य अंतरराष्ट्रीय कला महाकुंभ में 100 देशों के मंडपों के बीच भारत को यह ऐतिहासिक सफलता मिली है। दुनिया भर से आए दर्शकों के सीधे वोटों के आधार पर तय होने वाला यह सम्मान भारत की बढ़ती सॉफ्ट पावर और वैश्विक सांस्कृतिक प्रभाव की एक शानदार पहचान है।
रोम स्थित भारतीय दूतावास ने ‘एक्स’ पर लिखा अंतरराष्ट्रीय कला जगत में भारत के लिए गौरवपूर्ण क्षण, 61वीं अंतर्राष्ट्रीय कला प्रदर्शनी – इन माइनर कीज़ में दर्शकों द्वारा डाले गए मतों के आधार पर, भारतीय पवेलियन को “जियोग्राफ़ीज़ ऑफ़ डिस्टेंस: रिमेंबरिंग होम” नामक प्रदर्शनी को सर्वश्रेष्ठ राष्ट्रीय भागीदारी के लिए विज़िटर्स लायन पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक पोस्ट में लिखा वेनिस आर्ट बिएनाले में ‘बेस्ट नेशनल पैवेलियन’ के लिए ‘विज़िटर्स लायन’ जीतना, भारत की समृद्ध कलात्मक विरासत और समकालीन रचनात्मकता को मिली एक बड़ी मान्यता है। यह दुनिया भर में भारत के बढ़ते सांस्कृतिक प्रभाव का प्रमाण है।
डॉ. अमीन जाफर द्वारा क्यूरेट किए गए इस मंडप में सात साल के अंतराल के बाद भारत की वापसी बेहद यादगार रही। प्रदर्शनी के दौरान भारतीय पैवेलियन को लगभग 4.5 लाख दर्शकों ने देखा, जिससे यह पूरे आयोजन के सबसे लोकप्रिय और सर्वाधिक देखे जाने वाले मंडपों में शुमार रहा।
इस प्रतिष्ठित पैवेलियन में पांच उत्कृष्ट भारतीय समकालीन कलाकारों, अलवर बालसुब्रमण्यम, रंजनी शेट्टार, सुमाक्षी सिंह, स्कारमा सोनम ताशी और आसिम वक़िफ़ की कलाकृतियों को प्रदर्शित किया गया। इन कलाकारों ने मिट्टी, कढ़ाई के धागे, बांस, कागज की लुगदी (पापियर-माशे) और जैविक तत्वों जैसी पारंपरिक भारतीय सामग्रियों के माध्यम से ‘घर’, स्मृति और शहरी बदलाव की अवधारणा को बेहद संवेदनशीलता से उकेरा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और विदेश मंत्रालय ने इस उपलब्धि को देश के लिए अत्यंत गौरव का क्षण बताया है। यह वैश्विक सम्मान न केवल नई पीढ़ी के भारतीय कलाकारों की अद्भुत प्रतिभा को रेखांकित करता है, बल्कि भारत के समकालीन कला परिदृश्य की जीवंतता और शाश्वत सांस्कृतिक विरासत का भी प्रत्यक्ष प्रमाण है।
Read Also-Sheikh Hasina: शेख हसीना की वापसी की खबर से बांग्लादेश में हलचल, 108 अर्धसैनिक टुकड़ियां तैनात



