adevertisment Adevertiisment banner

Lucknow News – सत्ता में आने पर हर समाज की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी : चन्द्रशेखर

Lucknow News – Upon coming to power, the participation of every section of society will be ensured: Chandrashekhar

Lucknow News – संविधान दिवस के अवसर पर गुरूवार को राजधानी लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में आयोजित विशाल बहुजन स्वराज संकल्प महारैली में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद एडवोकेट चंद्रशेखर आजाद तथा एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने आजाद समाज पार्टी (कां) की महारैली में संयुक्त रूप से मंच साझा कर सामाजिक न्याय, संविधान की रक्षा और राजनीतिक भागीदारी का जोरदार संदेश दिया। दोनों नेताओं की मौजूदगी में आयोजित इस महारैली में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

अब सत्ता में होगी वंचित समाज की बराबर भागीदारी

चंद्रशेखर आजाद ने अपने संबोधन में स्पष्ट कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की सरकार बनने पर सत्ता में हर समाज की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि अब अब्दुल केवल दरी बिछाने का काम नहीं करेगा, बल्कि उप मुख्यमंत्री बनकर मुख्यमंत्री के बगल की कुर्सी पर बैठेगा। इसी तरह पिछड़े समाज से भी एक उपमुख्यमंत्री बनाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि बहुजन समाज को अब केवल चुनावी भीड़ बनकर नहीं रहना है, बल्कि सत्ता और निर्णय लेने की प्रक्रिया में अपनी बराबर की हिस्सेदारी सुनिश्चित करनी है। दलित, पिछड़े, आदिवासी, अल्पसंख्यक एवं अन्य वंचित वर्गों को एकजुट होकर अपने राजनीतिक अधिकारों के लिए संघर्ष करना होगा।

संविधान की रक्षा और प्रमोशन में आरक्षण की मांग उठाई

चंद्रशेखर आजाद ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा दिए गए संविधान और उससे प्राप्त मौलिक अधिकारों की रक्षा का संकल्प दोहराया। उन्होंने दलित, पिछड़े एवं आदिवासी कर्मचारियों-अधिकारियों को पदोन्नति तथा ठेकों और पट्टों पर खत्म हुए आरक्षण के मुद्दे पर राजनीतिक दलों से अपना रुख स्पष्ट रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि दलित सम्मेलन करने वाले पहले प्रमोशन में रिजर्वेशन पर अपना नजरिया स्पष्ट करें।

जनता से भावुक अपील—आपके प्यार का सूद समेत लौटाऊंगा

चंद्रशेखर आजाद ने महारैली में उमड़े जनसमर्थन को संबोधित करते हुए कहा कि आज आपने इस महारैली में आकर जो प्यार और विश्वास दिखाया है, उसे मैं समय आने पर सूद समेत वापस करूंगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आपके अधिकारों, सम्मान और सुरक्षा के लिए हमेशा पहरेदार बनकर खड़ा रहूंगा। उन्होंने कहा कि जुल्म, ज्यादती और अत्याचार के खिलाफ ऐसी आवाज बुलंद की जाएगी कि कोई आपकी तरफ आंख उठाकर देखने की हिम्मत नहीं कर पाएगा। जनता को यह भरोसा दिलाकर यहां से जा रहा हूं कि आपके सम्मान और अधिकारों की लड़ाई में कभी पीछे नहीं हटूंगा।

ओवैसी की हुंकार—अब अब्दुल दरी नहीं बिछाएगा

एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने अपने संबोधन में कहा कि अब अब्दुल केवल दरी बिछाने और दूसरों के लिए भीड़ जुटाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि राजनीतिक सत्ता में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेगा। उन्होंने चंद्रशेखर आजाद को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प दोहराया।

विपक्षी दलों पर निशाना—मुसलमान सिर्फ वोट के लिए याद आता है

असदुद्दीन ओवैसी ने विपक्षी राजनीतिक दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि मुसलमान आपको तभी याद आता है, जब आपको उसके वोट की जरूरत होती है। अब मुसलमान आपकी राजनीति और राजनीतिक मंशा को समझ चुका है। वह अभी तक आपके बहकावे में आकर मूर्ख बनता आया है, लेकिन अब आगे ऐसा नहीं होने वाला। मुसलमान अब अपने राजनीतिक अधिकारों, सम्मान और हिस्सेदारी के प्रति जागरूक हो चुका है और अपनी राजनीतिक ताकत के दम पर अपना भविष्य तय करेगा।

उन्होंने भाजपा सरकार के साथ-साथ समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी राजनीतिक सवाल उठाए। एनकाउंटर के मुद्दे पर कहा कि इंसाफ संविधान और कानून के दायरे में होना चाहिए। उन्होंने दलित-मुस्लिम एकता, किसानों के सवाल और वंचित समाजों की राजनीतिक हिस्सेदारी को भी प्रमुखता से उठाया।

2027 में सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की सरकार बनाने का संकल्प

रैली के माध्यम से दोनों नेताओं ने उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की राजनीतिक दिशा और सत्ता में भागीदारी का संदेश दिया। उन्होंने बहुजन समाज, पिछड़े, अल्पसंख्यक और वंचित वर्गों से अपने अधिकारों, सम्मान और स्वाभिमान के लिए एकजुट होने का आह्वान किया।

आज़ाद समाज पार्टी (कां) के प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार चित्तौड़ ने कार्यक्रम का संचालन किया। इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष भीम आर्मी विनय रतन सिंह, राष्ट्रीय महासचिव रविंद्र भाटी, भीम आर्मी राष्ट्रीय महासचिव कमल सिंह वालिया, राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्य हिमांशु वाल्मीकि, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष वीरेंद्र सिरीश, राष्ट्रीय सचिव पटेल रामेश्वर पवन, राष्ट्रीय सचिव सोमनाथ प्रजापति, भीम आर्मी के प्रदेश संयोजक कुलदीप भार्गव, पूर्व शिक्षामंत्री डॉ मसूद अहमद, राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्य सतपाल चौधरी, डॉ मो. आकिब, शिवप्रकाश विश्वकर्मा तथा बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्त्ता शामिल हुए।

Read Also-Business News-वॉलमार्ट पर हॉलिडे गिफ्टिंग, होम एंड लाइफस्टाइल ऑफरिंग्स का हिस्सा बने भारतीय उत्पाद

Related Articles

Back to top button