adevertisment Adevertiisment banner

X Parental Controls: बच्चों के X अकाउंट को पैरेंट्स से जोड़ने की सुविधा, निजी मैसेज फिर भी रहेंगे सुरक्षित

X Parental Controls: फीड में कंटेंट सीमित करने और संवेदनशील सामग्री रोकने का विकल्प

X Parental Controls: सोशल मीडिया पर बच्चों की सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंता के बीच X ने टीनएजर यूजर्स के लिए नया पैरेंटल कंट्रोल फीचर पेश किया है। इसकी मदद से माता-पिता अपने बच्चों के अकाउंट की कुछ अहम सेटिंग्स को नियंत्रित कर सकेंगे। वे तय कर पाएंगे कि बच्चों की फीड में किस तरह का कंटेंट दिखाई दे, कौन उन्हें मैसेज भेज सके और वे प्रतिदिन कितनी देर तक प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करें।

X का यह फीचर खास तौर पर 13 से 17 साल की उम्र के किशोरों के अकाउंट के लिए लाया गया है। इसके जरिए माता-पिता अपना अकाउंट बच्चे के अकाउंट से जोड़ सकेंगे। हालांकि, बच्चे के अकाउंट का मुख्य नियंत्रण उसी के पास रहेगा। पैरेंट्स की ओर से सेटिंग्स में किए गए बदलावों की जानकारी भी किशोर को मिलती रहेगी। इस व्यवस्था में बच्चों की निजता का भी ध्यान रखा गया है। माता-पिता उनके निजी संदेश नहीं पढ़ सकेंगे और न ही उनकी सर्च हिस्ट्री देख पाएंगे।

फीड में दिखने वाले कंटेंट को कर सकेंगे सीमित

X के नए पैरेंटल कंट्रोल में कंटेंट मैनेज करने के लिए कई विकल्प दिए गए हैं। माता-पिता बच्चे के ‘For You’ फीड में आने वाले सुझावों और वीडियो को उन अकाउंट्स तक सीमित कर सकते हैं, जिन्हें बच्चा पहले से फॉलो करता है। इससे अनजान अकाउंट्स के कंटेंट की मौजूदगी कम करने में मदद मिलेगी।

इसके अलावा पैरेंट्स कुछ खास शब्दों को फिल्टर कर सकते हैं और संवेदनशील कंटेंट को बंद करने की सेटिंग भी लागू कर सकते हैं। इससे बच्चों को दिखाई देने वाली सामग्री पर माता-पिता का नियंत्रण बढ़ेगा।

फॉलोअर रिक्वेस्ट भी कर सकेंगे मैनेज

इस फीचर के तहत माता-पिता बच्चे के नए फॉलोअर रिक्वेस्ट को स्वीकार या अस्वीकार कर सकेंगे। इसके लिए बच्चे का अकाउंट प्राइवेट किया जा सकेगा। प्राइवेट अकाउंट होने पर उसकी पोस्ट और प्रोफाइल तक पहुंच सीमित रहती है। इस तरह माता-पिता यह तय करने में मदद कर सकेंगे कि बच्चे के सोशल मीडिया नेटवर्क में कौन शामिल हो।

रोजाना स्क्रीन टाइम की मिलेगी जानकारी

बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल की अवधि पर नजर रखने के लिए भी X ने विकल्प दिया है। माता-पिता पिछले सात दिनों में बच्चे ने प्लेटफॉर्म पर कितना समय बिताया, इसकी जानकारी देख सकेंगे। इसके साथ ही वे रोजाना X इस्तेमाल करने की समय सीमा भी निर्धारित कर पाएंगे।

स्क्रीन टाइम की यह सुविधा माता-पिता को बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों और सोशल मीडिया पर बिताए जा रहे समय को बेहतर तरीके से समझने में मदद कर सकती है।

निजी मैसेज और सर्च हिस्ट्री नहीं देख सकेंगे माता-पिता

X ने पैरेंटल कंट्रोल के साथ किशोरों की प्राइवेसी को भी बनाए रखने की व्यवस्था की है। माता-पिता अकाउंट से जुड़ी कुछ सुरक्षा और उपयोग संबंधी सेटिंग्स बदल सकेंगे, लेकिन उन्हें बच्चों के निजी मैसेज पढ़ने या सर्च हिस्ट्री देखने की अनुमति नहीं होगी। यानी यह फीचर अकाउंट की निगरानी और सुरक्षा सेटिंग्स तक सीमित रहेगा, जबकि निजी बातचीत बच्चे के पास ही रहेगी।

पहले से मौजूद हैं टीनएजर अकाउंट के सुरक्षा फीचर

X पर किशोरों के अकाउंट के लिए कुछ सुरक्षा सेटिंग्स पहले से ही डिफॉल्ट रूप से सक्रिय रहती हैं। इनमें प्रोटेक्टेड मोड, संवेदनशील कंटेंट पर रोक और टारगेटेड विज्ञापनों पर प्रतिबंध जैसी सुविधाएं शामिल हैं। प्लेटफॉर्म पर अकाउंट बनाने के लिए न्यूनतम उम्र 13 साल निर्धारित है।

एक पैरेंट अधिकतम पांच टीन अकाउंट से जोड़ सकेगा

X के मुताबिक, एक माता-पिता अपने अकाउंट के साथ अधिकतम पांच किशोरों के अकाउंट लिंक कर सकते हैं। हालांकि, एक टीनएजर का अकाउंट एक समय में केवल एक ही पैरेंट के अकाउंट से जुड़ सकेगा।

इस सुविधा को शुरू करने के लिए माता-पिता और बच्चे, दोनों की सहमति जरूरी होगी। यानी बिना दोनों पक्षों की अनुमति के अकाउंट लिंक करने की प्रक्रिया पूरी नहीं की जा सकेगी।

Related Articles

Back to top button