adevertisment Adevertiisment banner

Child Marriage: यूपी में बाल विवाह के खिलाफ अभियान तेज, 23.16 लाख लोगों ने ली रोकथाम की शपथ

Child Marriage: स्कूलों, परिवारों और धार्मिक संगठनों को अभियान से जोड़ा गया

Child Marriage: उत्तर प्रदेश में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को रोकने के लिए राज्यव्यापी अभियान तेज किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित इस मुहिम के तहत अब तक 23.16 लाख से अधिक लोगों को बाल विवाह के खिलाफ शपथ दिलाई जा चुकी है। वहीं, प्रदेशभर में 2.82 लाख से ज्यादा जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गई हैं। सभी 75 जिलों में प्रशासनिक विभागों और स्थानीय समुदायों की भागीदारी से चल रहे इस अभियान का मकसद कम उम्र में विवाह रोकने के साथ बच्चों की पढ़ाई, सुरक्षा और बेहतर भविष्य सुनिश्चित करना है।

महिला कल्याण विभाग के अनुसार, बाल विवाह से जुड़े संकेतकों के मामले में उत्तर प्रदेश की स्थिति राष्ट्रीय औसत से बेहतर है। अभियान के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान तथा स्वावलंबन को बढ़ावा देने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

कई विभाग मिलकर संभाल रहे अभियान की जिम्मेदारी

अपर मुख्य सचिव, महिला एवं बाल विकास विभाग के दिशा-निर्देशों के तहत महिला कल्याण विभाग इस अभियान का समन्वय कर रहा है। जिलाधिकारियों की निगरानी में शिक्षा, पंचायती राज, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य संबंधित विभाग भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

अभियान को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए जनपद, तहसील, ब्लॉक और ग्राम स्तर पर बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारियों को नामित किया गया है। ग्राम पंचायतों को भी इस मुहिम से जोड़ा गया है। निर्धारित मानकों को पूरा करने वाले गांवों को बाल विवाह मुक्त घोषित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

21 दिसंबर तक तीन क्षेत्रों में जारी रहेंगी गतिविधियां

महिला कल्याण विभाग की निदेशक सी. इंदुमति ने बताया कि 21 अक्टूबर से 21 दिसंबर 2026 तक अभियान के तीनों विषयगत क्षेत्रों में एक साथ गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसके तहत शिक्षण संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम, परिवारों के साथ संवाद और धार्मिक व सामुदायिक नेतृत्व की भागीदारी को प्राथमिकता दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि सामूहिक विवाह कार्यक्रमों में निर्धारित मानकों का पालन कराने, संबंधित अभिलेखों का सत्यापन करने और नियमित निगरानी रखने पर भी जोर दिया जा रहा है। हेल्पलाइन पर दूसरे राज्यों से जुड़े बाल विवाह के मामलों की सूचनाएं भी मिल रही हैं। ऐसे मामलों में महिला कल्याण विभाग संबंधित राज्यों और जिलों के अधिकारियों के साथ संपर्क कर जरूरी सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई करता है।

अंतरराष्ट्रीय दिवस पर सभी जिलों में हुए कार्यक्रम

बाल विवाह, अल्पायु विवाह और जबरन विवाह के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर 27 नवंबर को प्रदेश के सभी जिलों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, शिक्षण संस्थानों, धार्मिक संगठनों और किशोर-किशोरियों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रमों के दौरान सामूहिक शपथ और संवाद के जरिए बाल विवाह रोकने के साथ बच्चों की शिक्षा और सुरक्षा को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया गया। आम लोगों से भी अपील की गई कि कहीं बाल विवाह की आशंका हो या ऐसी घटना की जानकारी मिले तो संबंधित हेल्पलाइन पर सूचना दें।

इसके लिए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181 और आपातकालीन सेवा 112 पर संपर्क किया जा सकता है।

तीन चरणों में चल रहा है देशव्यापी अभियान

महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार ने 27 नवंबर 2024 को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की शुरुआत की थी। इसके तहत लगातार 100-100 दिनों के अभियान तीन चरणों में संचालित किए जा रहे हैं।

पहले चरण में स्कूलों और उच्च शिक्षण संस्थानों में शपथ, संवाद, निबंध और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। दूसरे चरण में धर्मगुरुओं, धार्मिक संस्थानों और विवाह सेवा प्रदाताओं को अभियान से जोड़ा गया। तीसरे चरण में ग्राम पंचायतों और नगर निकायों के जरिए स्थानीय स्तर पर लोगों की भागीदारी बढ़ाने पर ध्यान दिया गया।

उत्तर प्रदेश में चल रही मौजूदा मुहिम में भी शिक्षा, परिवारों से बातचीत और सामुदायिक सहयोग को अहम आधार बनाया गया है। 21 दिसंबर तक जारी रहने वाले अभियान के दौरान बाल विवाह की रोकथाम और बच्चों के सुरक्षित भविष्य को लेकर जागरूकता गतिविधियां जारी रहेंगी।

Related Articles

Back to top button