Artificial Intelligence : AI से 2027 में कोरोना से भी बड़ी तबाही का खतरा! वैज्ञानिक ने दी चेतावनी, लाखों मौतों की आशंका
Artificial Intelligence : AI से 2027 में कोरोना से भी बड़ी तबाही का खतरा? वैज्ञानिक निकोला युर्कोविच ने जैविक हथियार, लाखों मौतों और 2030 तक मानवता पर संकट की आशंका जताई।

Artificial Intelligence : आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को भविष्य की सबसे बड़ी तकनीकी क्रांति माना जा रहा है, लेकिन इसके बढ़ते प्रभाव के साथ गंभीर खतरे भी सामने आ रहे हैं। वैज्ञानिकों ने आशंका जताई है कि अगर AI का विकास बिना पर्याप्त सुरक्षा और नियंत्रण के जारी रहा, तो यह मानवता के लिए कोरोना महामारी से भी बड़ा संकट पैदा कर सकता है। AI की मदद से जैविक हथियार बनाने की तकनीक अपराधियों तक पहुंचने और बड़े पैमाने पर जनहानि होने का खतरा भी जताया गया है।
GPT-5 की सुरक्षा जांच से जुड़े वैज्ञानिक निकोला युर्कोविच ने चेतावनी दी है कि AI पर इंसानों का नियंत्रण कमजोर पड़ सकता है। उनके मुताबिक, वर्ष 2027 में AI के दुरुपयोग से लाखों लोगों की जान जाने जैसी गंभीर स्थिति पैदा हो सकती है। हालांकि, यह एक विशेषज्ञ की आशंका है, कोई प्रमाणित वैज्ञानिक भविष्यवाणी नहीं।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, कोरोना महामारी के दौरान दुनिया भर में 71 लाख से अधिक मौतें दर्ज की गई थीं। वहीं, वास्तविक मौतों का अनुमान इससे कहीं अधिक लगाया गया है। ऐसे में AI से जुड़े संभावित जैविक खतरों ने वैज्ञानिकों और सुरक्षा विशेषज्ञों की चिंता बढ़ा दी है।
AI से जैविक हथियार बनाने का खतरा
निकोला युर्कोविच ने आशंका जताई है कि AI की मदद से खतरनाक जैविक हथियार तैयार करने से जुड़ी जानकारी गलत हाथों में पहुंच सकती है। इससे जैविक हमलों का खतरा बढ़ सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि AI का दुरुपयोग केवल साइबर अपराध तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि भविष्य में इसका इस्तेमाल खतरनाक तकनीक विकसित करने में भी किया जा सकता है।
उन्होंने ऑनलाइन बैंकिंग और डिजिटल वित्तीय सेवाओं के ठप होने की आशंका भी जताई है। संभावित आपात स्थिति को देखते हुए लोगों को घरों में 14 दिनों का राशन-पानी और कुछ नकदी रखने की सलाह दी है।
2030 तक मानवता पर मंडरा सकता है अस्तित्व का संकट
युर्कोविच के मुताबिक, अगर AI के विकास की रफ्तार पर नियंत्रण नहीं किया गया, तो वर्ष 2030 के अंत तक मानवता के अस्तित्व पर गंभीर संकट आ सकता है। उन्होंने AI से इंसानी नियंत्रण पूरी तरह खत्म होने या मानवता के विनाश की आशंका 50 प्रतिशत तक बताई है।
इसके अलावा, AI के तेजी से विस्तार का असर रोजगार पर भी पड़ सकता है। आशंका है कि अगले 10 वर्षों में मौजूदा समय की बड़ी संख्या में नौकरियां खत्म हो सकती हैं या उनका स्वरूप पूरी तरह बदल सकता है।
AI के बढ़ते खतरे पर दूसरे वैज्ञानिकों ने भी जताई चिंता
AI की सुरक्षा और नियंत्रण को लेकर कई प्रमुख वैज्ञानिक पहले भी चेतावनी दे चुके हैं।
योशुआ बेंजियो: AI के प्रमुख शोधकर्ता योशुआ बेंजियो का कहना है कि दुनिया तेजी से ऐसे AI सिस्टम विकसित कर रही है, जिन पर नियंत्रण रखने के पर्याप्त तरीके अभी मौजूद नहीं हैं। यह मानवता के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।
जेफ्री हिंटन: नोबेल पुरस्कार विजेता जेफ्री हिंटन ने भी AI के संभावित खतरों को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर AI को नियंत्रित करने के प्रभावी तरीके नहीं खोजे गए, तो भविष्य में इसके परिणाम बेहद गंभीर हो सकते हैं।
खुद हथियार और ड्रोन विकसित कर सकता है AI
विशेषज्ञों को आशंका है कि भविष्य में AI की क्षमता इतनी बढ़ सकती है कि वह खुद नए हथियारों के डिजाइन तैयार करने, ड्रोन और रोबोट को नियंत्रित करने तथा महत्वपूर्ण ठिकानों पर हमले की योजना बनाने में सक्षम हो जाए।
AI सुरक्षा विशेषज्ञ और एलाइनमेंट रिसर्च सेंटर के संस्थापक पॉल क्रिस्टियानो के मुताबिक, सबसे बड़ी चिंता उस स्थिति को लेकर है, जब AI स्वतंत्र रूप से फैसले लेने लगे और इंसानों को अपने उद्देश्यों में बाधा समझने लगे। ऐसी स्थिति में उसे नियंत्रित करना बेहद मुश्किल हो सकता है।
इसलिए वैज्ञानिक AI के विकास के साथ मजबूत सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी और नियंत्रण के उपाय विकसित करने पर जोर दे रहे हैं।



