Violence: शेख हसीना की वापसी से पहले बांग्लादेश में तनाव, कई इलाकों में धमाके और हिंसा; ट्रेन सेवाएं ठप
Violence: गोपालगंज में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, सात जिलों में बीजीबी की 120 प्लाटून तैनात; बाजार बंद और बस सेवाएं निलंबित करने का ऐलान
Violence: पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की बांग्लादेश वापसी की चर्चा के बीच देश के कई हिस्सों में तनाव बढ़ गया है। आगजनी, देसी बम धमाकों और हिंसक झड़पों की घटनाओं के बाद सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है। हसीना के गृह नगर और राजनीतिक प्रभाव वाले क्षेत्र गोपालगंज में हालात को देखते हुए बाजार बंद रखने और बस सेवाएं रोकने की घोषणा की गई है। वहीं, ढाका जाने वाली सीधी ट्रेन सेवाएं भी निलंबित कर दी गई हैं।
शेख हसीना ने बांग्लादेश लौटने की इच्छा जताई है। बताया जा रहा है कि वह वर्ष 1971 में पाकिस्तान पर मिली जीत की वर्षगांठ के अवसर पर स्वदेश आना चाहती हैं। उनकी प्रस्तावित वापसी को लेकर गोपालगंज समेत कई जिलों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। हिंसा की आशंका के मद्देनजर प्रशासन ने अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की है।
सात जिलों में बीजीबी की 120 प्लाटून तैनात
पीटीआई ने सरकारी समाचार एजेंसी बीएसएस के हवाले से बताया कि बांग्लादेश के सात जिलों में बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) की कुल 120 प्लाटून तैनात की गई हैं। इनमें सबसे अधिक 56 प्लाटून गोपालगंज में लगाई गई हैं। राजधानी ढाका के साथ गाजीपुर, नारायणगंज, मयमनसिंह, चट्टोग्राम और कॉक्स बाजार में भी सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है।
बीजीबी मुख्यालय की ओर से सुरक्षा अभियानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसके लिए ड्रोन, बॉडी-वर्न कैमरों और अन्य आधुनिक निगरानी उपकरणों से मिलने वाली लाइव फुटेज का इस्तेमाल किया जा रहा है। इन माध्यमों से अलग-अलग स्थानों पर चल रहे अभियानों के बीच तालमेल बनाए रखने की कोशिश की जा रही है।
गोपालगंज में बाजार बंद, बस सेवाओं पर भी रोक
शेख हसीना के गृह नगर गोपालगंज में उनकी वापसी की घोषणा के बाद से राजनीतिक तनाव बढ़ने की खबरें सामने आई हैं। हिंसा की आशंका को देखते हुए यहां बाजार बंद रखने और बस सेवाएं निलंबित करने का फैसला किया गया है। इसके अलावा ढाका जाने वाली सीधी ट्रेन सेवाओं को भी रोक दिया गया है।
AFP से बातचीत में स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्हें सुरक्षा प्रतिबंधों और राजनीतिक हिंसा के कारण मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। कुछ निवासियों का कहना है कि शेख हसीना से उनके जुड़ाव के चलते वे भी इन परिस्थितियों से प्रभावित हो रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, इलाके में मोबाइल बैंकिंग सेवाएं भी बंद कर दी गई हैं और कुछ पुलिस थानों का कामकाज प्रभावित हुआ है।
5 अगस्त 2024 को भारत आ गई थीं हसीना
शेख हसीना ने करीब 15 वर्षों तक बांग्लादेश की सत्ता संभाली थी। 5 अगस्त 2024 को छात्रों के नेतृत्व में हुए विद्रोह के बाद उन्हें देश छोड़ना पड़ा था और वह भारत आ गई थीं। वर्ष 2024 में छात्र प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई से जुड़े मामले में बांग्लादेश की अदालत ने उनकी अनुपस्थिति में उन्हें मौत की सजा सुनाई थी।
हसीना की प्रस्तावित वापसी को लेकर देश में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। उनके समर्थकों और विरोधियों के बीच तनाव की आशंका के चलते सुरक्षा एजेंसियां हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
अवामी लीग ने 29 और 30 नवंबर को लॉकडाउन का किया था ऐलान
‘द डेली स्टार’ की रिपोर्ट के अनुसार, प्रतिबंधित अवामी लीग ने 29 और 30 नवंबर के लिए लॉकडाउन की घोषणा की थी। इस आह्वान के समर्थन में शनिवार रात गोपालगंज के अलग-अलग इलाकों में मशाल जुलूस निकाले गए। इन घटनाक्रमों के बीच क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है।
फिलहाल शेख हसीना की वापसी को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है, लेकिन उनके लौटने की चर्चा के बीच बांग्लादेश के कई जिलों में प्रशासन और सुरक्षा बल सतर्क हैं। आगजनी, धमाकों और झड़पों की घटनाओं ने राजनीतिक माहौल को और तनावपूर्ण बना दिया है।



