West Bengal: बंगाल में बांग्लादेशी परिवार के तीन सदस्य गिरफ्तार, जांच में मिले विदेशी वोटर कार्ड
West Bengal: एसआईआर की जानकारी जुटाने के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस को हुआ शक, तलाशी में बांग्लादेश के वोटर कार्ड मिले; 20 साल पहले सीमा पार करने का दावा
West Bengal: पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में पुलिस ने एक परिवार के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनमें पति, पत्नी और उनका बेटा शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, तीनों मूल रूप से बांग्लादेश के निवासी हैं और कथित तौर पर बिना वैध दस्तावेजों के भारत में रह रहे थे। उनके पास से बांग्लादेश के वोटर कार्ड भी बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई निमता थाना क्षेत्र के बड़ा फिंगा इलाके में शुक्रवार को की गई।
जानकारी के अनुसार, एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) से संबंधित सूचनाएं जुटाने के दौरान पुलिस को एक परिवार की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। इसके बाद पुलिस ने परिवार के सदस्यों से पूछताछ की और उनके दस्तावेजों की जांच की। इस दौरान उनकी पहचान बांग्लादेश के मूल निवासियों के रूप में हुई। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर बाद में गिरफ्तार कर लिया।
किराये के मकान में रह रहा था परिवार
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान 60 वर्षीय लियाकत अली मोल्ला, उसकी पत्नी नार्गिस बीबी और बेटे हुमायूं कबीर मोल्ला के रूप में हुई है। तीनों निमता इलाके में किराये के मकान में रह रहे थे। दस्तावेजों की जांच के दौरान उनके पास से बांग्लादेश के वोटर कार्ड मिलने की बात सामने आई है।
20 साल पहले सीमा पार कर भारत आने का दावा
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान परिवार के सदस्यों ने करीब 20 साल पहले अवैध तरीके से सीमा पार कर भारत आने की बात स्वीकार की है। शुरुआती जांच में उनके पास भारत में रहने से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिलने का दावा किया गया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों की ओर से यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि परिवार इतने लंबे समय से किस तरह इलाके में रह रहा था और उनके पास मौजूद दस्तावेजों का इस्तेमाल कहां-कहां किया गया।



