adevertisment Adevertiisment banner

बलिया: सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई पिकअप, दो युवकों की मौत, तीन अन्‍य घायल

बलिया। बलिया जिले के रसड़ा कोतवाली क्षेत्र में तेज रफ्तार में एक पिकअप वाहन की सड़क किनारे खड़े ट्रक से टक्कर हो जाने से पिकअप सवार दो युवकों की मौत हो गई तथा तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) मोहम्मद फहीम ने रविवार को बताया कि रसड़ा कोतवाली क्षेत्र में नीबू-कबीरपुर गांव के समीप शनिवार की रात एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गाजीपुर जिले के कासिमाबाद की ओर से डीजे लेकर आ रहा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खड़े ट्रक से भिड़ गया।

उन्होंने बताया कि दुर्घटना में पिकअप में सवार गाजीपुर जिले के बिरनो थाना क्षेत्र के मीरपुर गांव निवासी गोलू (25), अजय (26), मुकेश (25), इसी जिले के खानपुर थाना क्षेत्र के मझतरियां गांव निवासी साहिल (23) व जौनपुर जिले के बलेहरी पतरही निवासी अभिषेक (25) गंभीर रूप से घायल हो गए।

सीओ ने बताया कि सभी घायलों को रसड़ा स्थित सामुदायिक स्‍वास्‍थ्‍य केन्‍द्र (सीएचसी) में पहुंचाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने जांच के बाद गोलू को मृत घोषित कर दिया जबकि मुकेश की रास्ते में ही मौत हो गई थी। उन्होंने बताया कि तीन घायल युवकों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है और पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Related Articles

Back to top button