adevertisment Adevertiisment banner

भदोही: छेड़खानी और दुष्कर्म का आरोपी युवक गिरफ्तार

भदोही। भदोही जिले की सुरयावा थाना पुलिस ने रविवार को एक युवती के साथ कथित छेड़छाड़ और दुष्कर्म के मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार किया। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। सुरयावा थाना के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) विपिन सिंह ने रविवार को बताया कि मामले में थाना क्षेत्र की एक युवती द्वारा दर्ज करायी गयी प्राथमिकी के आधार पर आरोपी युवक निजाम अली को आज महजूदा बाजार से गिरफ्तार कर लिया गया।

पीड़िता द्वारा लगाए गए आरोपों के हवाले से एसएचओ ने बताया कि आरोपी युवक निजाम अली अपनी पड़ोस की 20 वर्षीय युवती के साथ दुष्कर्म करने के बाद अकसर उसके साथ छेड़खानी और दुष्कर्म की कोशिश करता था। उन्होंने बताया कि पिछले रविवार को उसके खिलाफ पीड़िता की तहरीर पर छेड़खानी और आपराधिक धमकी समेत संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी थी।

एसएचओ ने बताया कि मामले की विवेचना के दौरान पीड़िता द्वारा पुलिस को दिए गए बयान, अदालत में कलम बंद बयान और मेडिकल जांच में दुष्‍कर्म की पुष्टि के बाद मामले में बलात्कार की धारा (376) बढ़ाकर आरोपी निज़ाम अली को आज महजूदा बाजार से गिरफ्तार कर लिया गया। उन्‍होंने कहा कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button