adevertisment Adevertiisment banner

Bhopal- रतलाम में लगे दिग्विजय के पोस्टर, लिखा- वक्फ बिल का विरोध करने वाले धर्म और वतन के गद्दार

Bhopal-  वक्फ बिल को लेकर जहां मुस्लिम समुदाय के लोग विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं तो भाजपा इसे गरीब मुसलमानों के हक में मोदी सरकार का ऐतिहासिक निर्णय बता रही है। इसी बीच शुक्रवार को भोपाल और रतलाम में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के पोस्टर लगे देखे गए हैं, जिन पर दिग्विजय सिंह की तस्वीर के साथ लिखा है- वक्फ बिल का विरोध करने वाले दिग्विजय सिंह, वतन और धर्म के गद्दार। रतलाम में लगाए गए पोस्टर्स में भाजपा युवा मोर्चा रतलाम नीचे लिखा हुआ है।

दरअसल, वक्फ संशोधन विधेयक को लेकर दिग्विजय सिंह ने कहा था कि वक्फ संशोधन विधेयक जो लाया गया है, हम उसके खिलाफ हैं, क्योंकि भारतीय संविधान का बुनियादी प्रावधान है। जिसमें अल्पसंख्यकों को संरक्षण का अधिकार दिया गया है। उनके अधिकारों को कुचलने का प्रयास हो रहा है। यह सरकार पिछले 11 साल से केवल हिंदू और मुसलमान कर रही है।

दिग्विजय सिंह के पोस्टर को लेकर भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि सदन में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और किसी बड़े नेता ने वक्फ के विरोध में भाषण नहीं दिया था। ऐसे में कहीं कांग्रेस का परंपरागत मुस्लिम वोट न खिसक जाए, इसलिए राष्ट्रीय अधिवेशन में तय किया गया होगा कि दिग्विजय सिंह के पोस्टर लगाए जाएं, ताकि दिग्विजय सिंह मुस्लिम धर्म के लोगों के नेता बने रहें। भाजपा को उनके इस तरह के पोस्टर लगाने की कोई जरूरत नहीं है।

जहां पोस्टर लगे, वहां जिलाध्यक्ष केस दर्ज कराएं: पटवारी

इस संबंध में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि भारत का संविधान एक सांसद को सदन में अपनी बात रखने का अधिकार देता है। यदि वह अपने अधिकार का प्रयोग करता है तो उसके खिलाफ इस तरह की शब्दावली का प्रयोग किया जाता है। जहां इस तरह के पोस्टर लगे हैं, वहां के जिला अध्यक्ष केस दर्ज कराएं।

Related Articles

Back to top button