UP News : लखनऊ पहुंचे BJP अध्यक्ष नितिन नवीन, बोले- 2027 में फिर बनेगी डबल इंजन सरकार; विपक्ष पर साधा निशाना

UP News : बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने लखनऊ दौरे पर 2027 विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंका। कार्यकर्ताओं से संगठन मजबूत करने का आह्वान किया और विपक्ष पर नकारात्मक राजनीति का आरोप लगाया।

UP News : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार लखनऊ पहुंचे नितिन नवीन ने शनिवार को पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों का संदेश दिया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ प्रदेश में डबल इंजन की सरकार बनाएगी।

‘विपक्ष कर रहा है नकारात्मक राजनीति’

नितिन नवीन ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के पास जनता के सामने रखने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है। इसी वजह से वह नकारात्मक राजनीति कर लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहा है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे विपक्ष के बहकावे में न आएं और केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों को घर-घर तक पहुंचाएं।

हर गांव में प्रवास, हर मतदाता तक पहुंचने का आह्वान

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि संगठन की सबसे बड़ी ताकत कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से हर गांव में प्रवास करने और प्रत्येक मतदाता से सीधा संवाद स्थापित करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि यदि लोगों के दिलों में जगह बनानी है तो उनके बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझना और सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से बताना होगा।

मोदी-योगी नेतृत्व में विकास का दावा

नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास और सुशासन के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने विकास के कई नए कीर्तिमान बनाए हैं और इन्हें जनता तक पहुंचाना संगठन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहला लखनऊ दौरा

राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार लखनऊ पहुंचे नितिन नवीन का चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने स्वागत किया।

उनका दो दिवसीय दौरा आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति तैयार करने, नई प्रदेश इकाई को दिशा देने और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

राम मंदिर मुद्दे पर अखिलेश यादव को दिया जवाब

अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित विवाद पर समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए नितिन नवीन ने कहा कि विपक्ष “मगरमच्छ के आंसू” बहा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग वर्षों तक भगवान राम की आस्था का विरोध करते रहे, उन्हें अब राम मंदिर से जुड़े मामलों पर राजनीति करने का नैतिक अधिकार नहीं है।

Related Articles

Back to top button