UP News : ‘कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत’, भाजपा की नई टीम को पंकज चौधरी का मंत्र:

UP News : लखनऊ में भाजपा की नई प्रदेश टीम की पहली बैठक में पंकज चौधरी और धर्मपाल सिंह ने कार्यकर्ताओं को विधानसभा चुनाव की तैयारी और बूथ सशक्तिकरण का मंत्र दिया।

UP News : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मुख्यालय में शुक्रवार को नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों और क्षेत्रीय अध्यक्षों की परिचयात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने संगठन को आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए पूरी ताकत से तैयार रहने का संदेश दिया।

बैठक को संबोधित करते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता आधारित संगठन है और प्रत्येक कार्यकर्ता उसकी सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि उनकी राजनीति का केंद्र हमेशा कार्यकर्ता रहेगा और संगठन का हर पदाधिकारी कार्यकर्ताओं के सम्मान, सहयोग और सशक्तिकरण को प्राथमिकता देगा।

उन्होंने कहा कि नई प्रदेश टीम क्षेत्रीय, सामाजिक और लैंगिक संतुलन को ध्यान में रखकर बनाई गई है। अवध क्षेत्र से 16, कानपुर से 8, काशी से 13, गोरखपुर से 8, पश्चिम क्षेत्र से 10 और ब्रज क्षेत्र से 9 पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। महिलाओं और युवाओं को भी पर्याप्त प्रतिनिधित्व देकर संगठन को अधिक प्रभावी बनाने का प्रयास किया गया है।

पद सिर्फ जिम्मेदारी नहीं, समाज सेवा का माध्यम

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा में पद केवल जिम्मेदारी नहीं बल्कि राष्ट्र और समाज की सेवा का माध्यम है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर पार्टी की विचारधारा, अनुशासन और संगठनात्मक परंपराओं के अनुरूप कार्य करने का आह्वान किया।

पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनी है और देश के 22 राज्यों में भाजपा या उसके सहयोगी दलों की सरकारें जनसेवा कर रही हैं। उन्होंने कहा कि यह जनता के विश्वास और सुशासन का परिणाम है।

सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं

उन्होंने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को संगठन की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि प्रत्येक पदाधिकारी को बूथ स्तर तक पहुंचकर केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाना होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्ष और उत्तर प्रदेश सरकार के नौ वर्षों से अधिक के विकास कार्यों को व्यापक स्तर पर जन-जन तक ले जाने का अभियान चलाया जाएगा।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि यह परिचयात्मक बैठक केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं बल्कि आगामी विधानसभा चुनाव की विजय यात्रा का शुभारंभ है। उन्होंने कहा कि संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसके कार्यकर्ता हैं और सभी पदाधिकारियों को अनुशासन, समर्पण और टीम भावना के साथ कार्य करना होगा।

बूथ सशक्त होगा तो चुनाव स्वतः सशक्त होगा

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन, गरीब कल्याण और आत्मनिर्भर भारत के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल की हैं। इन उपलब्धियों और डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों को गांव-गांव, बूथ-बूथ और हर परिवार तक पहुंचाना संगठन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

धर्मपाल सिंह ने बूथ संगठन को मजबूत बनाने पर जोर देते हुए कहा कि “बूथ सशक्त होगा तो चुनाव स्वतः सशक्त होगा।” उन्होंने सभी पदाधिकारियों से आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को ऐतिहासिक जीत दिलाने के लिए पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ जुटने का आह्वान किया।

Related Articles

Back to top button