Bollywood News-जिमी शेरगिल ने साइन की नई फिल्म
Bollywood News – Jimmy Sheirgill signs a new film.
Bollywood News-अभिनेता जिमी शेरगिल इन दिनों ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ सीरीज की सफलता को लेकर चर्चा में हैं। अब उन्होंने अपनी अगली फिल्म ‘तुम रहे ना तुम’ साइन कर ली है। मनोवैज्ञानिक और रिश्तों पर आधारित इस ड्रामा फिल्म का निर्देशन प्रेम प्रकाश मोदी करेंगे।
फिल्म में जिमी शेरगिल और दिव्या दत्ता पहली बार मुख्य भूमिकाओं में पति-पत्नी के किरदार में नजर आएंगे। इनके अलावा हर्ष छाया, जरीना वहाब और राजेश भी फिल्म में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाते दिखाई देंगे। फिल्म का निर्माण विन्नी चावला और सोनू कात्याल अपने बैनर फैनेटिकली फिल्मी प्राइवेट लिमिटेड के तहत कर रहे हैं।
‘तुम रहे ना तुम’ मशहूर स्वीडिश नाटककार ऑगस्ट स्ट्रिंडबर्ग के चर्चित नाटक ‘द फादर’ का भारतीय रूपांतरण है। फिल्म में मूल नाटक की भावनात्मक और मनोवैज्ञानिक गहराई को भारतीय पारिवारिक परिवेश में पेश किया जाएगा। ‘द फादर’ में अहंकार, असुरक्षा, मानसिक संघर्ष और रिश्तों में बदलते समीकरणों को केंद्र में रखा गया है। इसी भावनात्मक जटिलता को फिल्म के जरिए भारतीय दर्शकों के सामने एक नए संदर्भ में पेश करने की कोशिश की जाएगी।
फिल्म का हिस्सा बनने को लेकर जिमी शेरगिल और दिव्या दत्ता दोनों उत्साहित हैं। जिमी ने कहा कि ‘तुम रहे ना तुम’ की कहानी ने उन्हें तुरंत आकर्षित किया, क्योंकि इसमें मानवीय भावनाओं के साथ काफी जटिलता है। वहीं, दिव्या दत्ता ने कहा कि वह इस परियोजना का हिस्सा बनकर बेहद खुश हैं। उनके मुताबिक, कहानी मानवीय, असहज और कई स्तरों वाली है और यही जटिलता इसे उनके लिए खास बनाती है। फिल्म की कहानी और कलाकारों की जोड़ी को देखते हुए ‘तुम रहे ना तुम’ से रिश्तों और मनोविज्ञान पर एक संवेदनशील कहानी पेश किए जाने की उम्मीद है।



