UP Politics: ‘खुद को बचा सकते हो तो बचा लो…’ बृजभूषण शरण सिंह और विधायक बेटे प्रतीक को जान से मारने की धमकी, FIR दर्ज
राजस्थान से आए कथित फोन कॉल में बीजेपी विधायक प्रतीक भूषण सिंह और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह को जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने साइबर और सर्विलांस टीमों के साथ जांच शुरू कर दी है।
UP Politics: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक प्रतीक भूषण सिंह और उनके पिता, पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। धमकी मिलने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया और पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस साइबर सेल और सर्विलांस टीम की मदद से कॉल करने वाले की पहचान और उसके मकसद का पता लगाने में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, 14 जून को गोंडा सदर से विधायक प्रतीक भूषण सिंह के निजी मोबाइल नंबर पर एक फोन कॉल आया। आरोप है कि कॉल करने वाले ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए कहा, “अगर खुद को बचा सकते हो तो बचा लो, मारने का इंतजाम हो चुका है।” साथ ही विधायक और उनके पिता बृजभूषण शरण सिंह को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक की ओर से इसकी सूचना तत्काल पुलिस प्रशासन को दी गई। शिकायत मिलने के बाद गोंडा पुलिस ने सर्विलांस और साइबर टीम को सक्रिय कर कॉल की तकनीकी जांच शुरू कराई। शुरुआती जांच में सामने आया कि जिस सिम कार्ड से कॉल की गई, वह राजस्थान के अलवर जिले के निवासी संदीप शर्मा के नाम पर पंजीकृत बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कॉल वास्तव में उसी व्यक्ति ने की थी या सिम का किसी अन्य ने दुरुपयोग किया।
विधायक प्रतिनिधि द्वारा दी गई लिखित शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि बृजभूषण शरण सिंह और उनके परिवार को पहले भी विभिन्न आपराधिक तत्वों और असामाजिक संगठनों की ओर से धमकियां मिलती रही हैं। ऐसे में इस नए घटनाक्रम को हल्के में नहीं लिया जा सकता और इसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कॉल की लोकेशन, तकनीकी डेटा और संबंधित नंबर से जुड़े सभी रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। जरूरत पड़ने पर संबंधित राज्य की पुलिस एजेंसियों से भी समन्वय स्थापित किया जाएगा ताकि आरोपी तक जल्द पहुंचा जा सके। फिलहाल मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है।
गौरतलब है कि प्रतीक भूषण सिंह गोंडा सदर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक हैं, जबकि उनके छोटे भाई करण भूषण सिंह कैसरगंज से सांसद हैं। पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह को पहले से ही सुरक्षा उपलब्ध है। ताजा धमकी के बाद सुरक्षा व्यवस्था और जांच प्रक्रिया को लेकर प्रशासन अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है।
Written By: Ekta Verma



