Chhatisgarh News: छत्तीसगढ़ में तरबूज खाने के बाद एक बच्चे की मौत, तीन अन्य की हालत बिगड़ी

Chhatisgarh News: के जांजगीर-चांपा जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां कटे हुए तरबूज खाने के बाद एक 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। घटना के बाद इलाके में चिंता और दहशत का माहौल है।

यह मामला जिले के घुरकोट गांव का है। जानकारी के अनुसार, बच्चे एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद अपने मामा के घर पहुंचे थे। वहीं उन्होंने पहले से कटे हुए तरबूज का सेवन किया। तरबूज खाने के कुछ ही समय बाद बच्चों की तबीयत अचानक खराब होने लगी।

मृतक की पहचान अखिलेश धीवर (15) के रूप में हुई है, जो पोड़ी दलहा गांव का निवासी था। वहीं बीमार पड़े बच्चों में अवरीद गांव का 4 वर्षीय श्री धीवर, खटोला गांव का 12 वर्षीय पिंटू धीवर और कोटगढ़ का 13 वर्षीय हितेश धीवर शामिल हैं।

बताया जा रहा है कि बच्चों को उल्टी, दस्त और सांस लेने में दिक्कत जैसी गंभीर समस्याएं होने लगीं। हालत बिगड़ने पर उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अखिलेश की जान नहीं बच सकी। बाकी बच्चों का इलाज जारी है।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि तरबूज दूषित हो चुका था। जानकारी के मुताबिक, फल को सुबह ही काट दिया गया था और कई घंटों बाद बच्चों ने उसे खाया। ऐसे में खाद्य विषाक्तता यानी फूड पॉइजनिंग को घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है।

Chhatisgarh News; Also Read- Tamil Nadu में विजय सरकार की अग्निपरीक्षा, विधानसभा में फ्लोर टेस्ट पर टिकी निगाहें

इस घटना ने खाद्य सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासतौर पर गर्मियों में कटे हुए फलों को लंबे समय तक खुले में रखने से संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ भी लगातार लोगों को ताजा और सुरक्षित भोजन करने की सलाह देते रहे हैं।

गौरतलब है कि पिछले एक महीने के भीतर देश में इस तरह की यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले मुंबई में भी तरबूज खाने के बाद एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई थी। उस मामले में जांच के दौरान जहरीले पदार्थ जिंक फॉस्फाइड के अंश मिलने की बात सामने आई थी।

फिलहाल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत और बच्चों की तबीयत बिगड़ने की असली वजह पूरी तरह साफ हो पाएगी।

इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर लोगों को भोजन की स्वच्छता और सुरक्षित खाद्य पदार्थों के सेवन को लेकर सतर्क रहने की जरूरत का एहसास कराया है।

Related Articles

Back to top button