UP News : इमरजेंसी पर कांग्रेस पर बरसे सीएम योगी, बोले- लोकतंत्र का गला घोंटने वालों को संविधान की बात करने का अधिकार नहीं

UP News : संतकबीरनगर में सीएम योगी आदित्यनाथ ने इमरजेंसी को लोकतंत्र का काला अध्याय बताया। कांग्रेस और सपा पर हमला बोलते हुए 475 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात दी।

UP News : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 25 जून 1975 को लगाए गए आपातकाल (इमरजेंसी) को भारतीय लोकतंत्र का सबसे काला अध्याय बताते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी ने सत्ता के अहंकार में लोकतंत्र का गला घोंटा, नागरिकों के मौलिक अधिकार छीने, प्रेस पर सेंसरशिप लगाई और विपक्षी नेताओं को जेलों में डाल दिया, उसे आज संविधान और लोकतंत्र की बात करने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के साथ समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधते हुए राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि जो दल लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान नहीं करते, वे आज संविधान की प्रति लेकर जनता के बीच जाने का नैतिक आधार खो चुके हैं।

गुरुवार को संतकबीरनगर के श्री बैजूनाथ धाम परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 475 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 139 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश को पिछड़ेपन से निकालकर देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बनाया है। उन्होंने कहा कि कभी उपेक्षित रहे धनघटा और खजनी क्षेत्र अब बेहतर सड़क संपर्क और विकास परियोजनाओं के जरिए मुख्यधारा से जुड़ चुके हैं।

तामेश्वरनाथ धाम कॉरिडोर और बखिरा झील के विकास का ऐलान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की कि बाबा तामेश्वरनाथ धाम को काशी विश्वनाथ धाम और अयोध्या की तर्ज पर भव्य कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही बखिरा झील को रामसर साइट के अनुरूप इको-टूरिज्म हब बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि धुरियापार में औद्योगिक विकास, मगहर में संत कबीर अकादमी और क्षेत्रीय आधारभूत ढांचे के विस्तार से युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।

6.18 लाख ग्रामीण परिवारों को मिलेगा पक्का मकान

मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तर प्रदेश के 6.18 लाख नए पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पक्के मकानों की स्वीकृति दी गई है। इस अवसर पर उन्होंने लाभार्थियों को आवास स्वीकृति पत्र तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रमाणपत्र भी वितरित किए।

विपक्ष पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने जनता को भ्रमित करने की कोशिश की, लेकिन प्रदेश की जनता ने विकास और सुशासन पर भरोसा जताया। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की राजनीति झूठे वादों और तुष्टिकरण पर आधारित है, जबकि डबल इंजन सरकार गरीब, किसान, महिला और युवा के हितों को प्राथमिकता देते हुए विकास और विरासत दोनों को आगे बढ़ा रही है।

उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास सरकार की सबसे बड़ी ताकत है और इसी भरोसे के साथ उत्तर प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों की ओर तेजी से बढ़ रहा है।

Related Articles

Back to top button