UP News : देवकीनंदन ठाकुर ने किया उत्तर प्रदेश विधानसभा का भ्रमण, बोले- ऐसी विधानसभा देश ही नहीं, विदेश में भी देखने को नहीं मिली
UP News : प्रख्यात भागवत कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर जी महाराज ने उत्तर प्रदेश विधानसभा भवन का भ्रमण किया। विधानसभा की भव्यता और आधुनिक सुविधाओं की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसी विधानसभा देश ही नहीं, विदेश में भी देखने को नहीं मिली।
UP News : प्रख्यात भागवत कथावाचक एवं आध्यात्मिक गुरु पूज्य देवकीनंदन ठाकुर जी महाराज ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा भवन का भ्रमण किया। विधानसभा की ऐतिहासिक विरासत, भव्य वास्तुकला और अत्याधुनिक तकनीकी सुविधाओं का अवलोकन करने के बाद उन्होंने इसकी मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि “ऐसी विधानसभा देश ही नहीं, विदेश में भी देखने को नहीं मिली।”
उन्होंने उत्तर प्रदेश विधानसभा को भारतीय लोकतंत्र की गरिमा, सांस्कृतिक चेतना और आधुनिक विकास का अनुपम प्रतीक बताया।
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने किया स्वागत
उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने देवकीनंदन ठाकुर जी महाराज का पुष्पगुच्छ और स्मृति-चिह्न भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया। इस दौरान दोनों के बीच सनातन संस्कृति, राष्ट्र निर्माण, लोकमंगल, सामाजिक समरसता और मानवीय मूल्यों के संरक्षण एवं संवर्धन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
सेवा, संस्कार और जनकल्याण से मजबूत होता है लोकतंत्र
देवकीनंदन ठाकुर जी महाराज ने कहा कि लोकतंत्र तभी मजबूत और प्रभावी बनता है, जब उसके केंद्र में सेवा, संस्कार और जनकल्याण की भावना हो। उन्होंने उत्तर प्रदेश विधानसभा में विरासत के संरक्षण के साथ आधुनिक तकनीक के समन्वय की सराहना करते हुए इसे देश की अन्य लोकतांत्रिक संस्थाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
उन्होंने भगवान श्रीराधा-कृष्ण से प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना भी की।
वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य लोग रहे मौजूद
विधानसभा भ्रमण के दौरान विधानसभा के वरिष्ठ अधिकारी तथा अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विधानसभा भवन की आधुनिक व्यवस्थाओं और ऐतिहासिक महत्व की जानकारी भी पूज्य महाराज को दी गई।



