Entertainment News: पंचायत’ फेम जितेंद्र कुमार की नई फिल्म ‘दालिम्ब’ का ऐलान
Entertainment News: 'Panchayat' fame Jitendra Kumar's new film 'Dalimb' announced
Entertainment News:अभिनेता जितेंद्र कुमार की लोकप्रिय सीरीज ‘पंचायत’ का पांचवां सीजन तीन दिसंबर को अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज होगा। इसके अगले ही दिन वह अपनी नई फिल्म ‘दालिम्ब’ के साथ दर्शकों के सामने आएंगे। प्रिया एवेन के निर्देशन में बनी इस थ्रिलर-ड्रामा का ट्रेलर जारी कर दिया गया है। फिल्म में जितेंद्र एक ऐसे किरदार में नजर आएंगे, जो उनके अब तक के परिचित अंदाज से काफी अलग बताया जा रहा है।
फिल्म का ट्रेलर मुंबई की एक सोसायटी से शुरू होता है, जहां जितेंद्र का किरदार अपने खोए हुए बच्चे की तलाश में जुटा है। वह पेशे से लोक कलाकार है और बच्चे को ढूंढने की उसकी कोशिश धीरे-धीरे एक रहस्यमयी जांच का रूप ले लेती है। इस तलाश में प्रिया बापट महिला पुलिस अधिकारी की भूमिका में नजर आती हैं। ट्रेलर में बच्चे के लापता होने से जुड़े सवाल, जांच और डर का माहौल कहानी को मनोवैज्ञानिक थ्रिलर का रूप देते हैं। हालांकि, इसकी कहानी में रहस्य बनाए रखने के लिए कई पहलुओं को अभी पर्दे में रखा गया है।
‘दालिम्ब’ चार दिसंबर को ओटीटी मंच जी5 पर रिलीज होगी। एक ओर जितेंद्र कुमार ‘पंचायत’ के नए सीजन में अपने चर्चित किरदार के साथ लौटेंगे, तो दूसरी ओर ‘दालिम्ब’ में उनका गंभीर और रहस्यमयी रूप देखने को मिलेगा। लगातार दो दिनों में उनकी दो अलग-अलग प्रस्तुतियां रिलीज होने से अभिनेता के प्रशंसकों के पास मनोरंजन के दो विकल्प होंगे।



