Entertainment Update: अल्फा’ की शानदार एडवांस बुकिंग, क्या आलिया भट्ट तोड़ पाएंगी अपनी ही फिल्म ‘गंगूबाई’ का ओपनिंग रिकॉर्ड?
यशराज स्पाई यूनिवर्स की पहली फीमेल लीड फिल्म को रिलीज से पहले अच्छा रिस्पॉन्स, पहले दिन शानदार कमाई की उम्मीद।
Entertainment Update: बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘अल्फा’ आखिरकार सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। यशराज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स की यह पहली ऐसी फिल्म है, जिसकी कमान पूरी तरह महिला किरदारों के हाथों में है। फिल्म में आलिया भट्ट के साथ शरवरी भी अहम भूमिका निभा रही हैं। रिलीज से पहले ही फिल्म की एडवांस बुकिंग ने यह संकेत दे दिया है कि दर्शकों के बीच इसे लेकर अच्छा उत्साह देखने को मिल रहा है।
शुरुआती दिनों में एडवांस बुकिंग की रफ्तार सामान्य रही, लेकिन रिलीज से एक दिन पहले टिकटों की बिक्री में तेज उछाल देखने को मिला। ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार, गुरुवार रात तक फिल्म के करीब 70 हजार टिकट एडवांस में बिक चुके थे। एडवांस बुकिंग से फिल्म ने लगभग 2.26 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया, जबकि ब्लॉक सीट्स को शामिल करने पर यह आंकड़ा करीब 4.5 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
इसी ट्रेंड को देखते हुए ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि फिल्म पहले दिन 7 से 9 करोड़ रुपये के बीच नेट कलेक्शन कर सकती है। यदि दर्शकों का रिस्पॉन्स सकारात्मक रहता है, तो वीकेंड में फिल्म की कमाई में और तेजी आ सकती है।
आलिया भट्ट का सोलो बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड भी काफी मजबूत रहा है। ‘हाईवे’, ‘डियर जिंदगी’, ‘राजी’ और ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ जैसी फिल्मों में उन्होंने अपने दम पर दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचा। हालांकि, उनकी पिछली फिल्म ‘जिगरा’ बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी थी।
आलिया की सबसे बड़ी सोलो ओपनिंग का रिकॉर्ड फिलहाल ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ के नाम है, जिसने पहले दिन लगभग 10.50 करोड़ रुपये की कमाई की थी। इसके बाद ‘डियर जिंदगी’ (8.75 करोड़), ‘राजी’ (7.53 करोड़), ‘जिगरा’ (4.55 करोड़) और ‘हाईवे’ (3.42 करोड़) का स्थान आता है।
अगर ‘अल्फा’ पहले दिन 9 करोड़ रुपये या उससे अधिक की कमाई करती है, तो यह आलिया भट्ट के करियर की सबसे बड़ी सोलो ओपनर्स में शामिल हो जाएगी। अब सबकी नजर पहले दिन के आधिकारिक बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर है, जिससे साफ होगा कि क्या ‘अल्फा’ आलिया के स्टारडम को नई ऊंचाई तक पहुंचाने में सफल होती है या नहीं।



