adevertisment Adevertiisment banner

Etah News: अभद्रता तथा बेइज्जती का बदला लेने के लिए भाजपा जिलाध्यक्ष से मांगी एक करोड़ की रंगदारी, गिरफ्तार

एटा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की एटा जिला इकाई के अध्‍यक्ष से स्‍पीड पोस्‍ट के जरिये एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में सोमवार को आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार मामले में जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के घिलौआ गांव निवासी भूपेन्‍द्र यादव और उसके पुत्र धनंजय यादव को गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने बताया कि आरोपी भूपेन्‍द्र ने पूछताछ में बताया कि उसने अपने चचेरे भाई से बदला लेने व उसको फंसाने की योजना के तहत इस तरह का पत्र भेजा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) उदय शंकर सिंह ने बताया कि 29 अप्रैल को एटा के भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप जैन को स्‍पीड पोस्‍ट से एक धमकी भरा पत्र प्राप्त हुआ था, जिसमें एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी तथा रुपये न देने पर परिवार सहित जान से मारने की धमकी दी गई थी।

उन्‍होंने बताया कि जिला अध्यक्ष की ओर से मामले की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच के बाद भूपेन्‍द्र यादव और उसके बेटे धनंजय यादव को सोमवार को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि आरोपी 19 वर्षीय धनंजय एपीजे अब्दुल कलाम विश्वविद्यालय, लखनऊ से एलएलबी की पढ़ाई कर रहा है तथा उसका पिता भूपेन्द्र यादव (50) अलीगढ़ जिले में गन्ना पर्यवेक्षक के पद पर तैनात है।

पुलिस अधिकारी के मुताबिक पूछताछ में भूपेन्‍द्र ने बताया कि उसका चचेरा भाई कुलदीप ने उससे पैसे उधार लिए हैं और मांगने पर पैसा लौटाने की बजाय कुलदीप के भाइयों ने उसके साथ अभद्रता की। भूपेन्‍द्र ने पुलिस को बताया कि इसी ‘अभद्रता तथा बेइज्जती’ का बदला लेने के लिए उसने एक योजना बनाई और अपने हस्तलेख में 29 अप्रैल को भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप जैन को सुमित उर्फ शिवा, मोनू यादव व कुलदीप के नाम से एक धमकी भरा पत्र लिखा और बेटे के जरिये प्रधान डाकघर, एटा से स्पीड पोस्ट करा दिया।

Related Articles

Back to top button