adevertisment Adevertiisment banner

Ghosi News- एग्री स्टैक योजना के सर्वेक्षण से लेखपालों का इंकार, कार्यभार थोपे जाने पर जताई आपत्ति

लेखपाल संघ घोसी ने उपजिलाधिकारी को सौंपा पत्र, जबरन कार्य देने पर कार्य बहिष्कार की चेतावनी

Ghosi News- एग्री स्टैक योजना के अंतर्गत प्रस्तावित सर्वेक्षण कार्य को लेकर तहसील घोसी के लेखपालों ने साफ तौर पर इंकार कर दिया है। इस संबंध में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ, उपशाखा घोसी द्वारा उपजिलाधिकारी सत्य प्रकाश को विरोध पत्र सौंपा गया, जिसमें यह स्पष्ट किया गया कि लेखपाल किसी भी स्थिति में एग्री स्टैक योजना का सर्वेक्षण कार्य नहीं करेंगे।

पत्र में संघ ने लिखा है कि तहसील घोसी में लेखपालों की संख्या पहले से ही अत्यधिक कम है और वे कम वेतन में असीमित सरकारी कार्य संभाल रहे हैं। ऐसे में उनके ऊपर एग्री स्टैक जैसा तकनीकी व अतिरिक्त कार्यभार थोपना अनुचित है। संघ ने यह भी चेताया कि यदि यह कार्य जबरन लेखपालों पर थोपा गया, तो अव्यवस्था, असंतोष और कार्य बहिष्कार की स्थिति उत्पन्न होगी, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया कि लेखपाल केवल पूर्व में नियुक्त सर्वेक्षण कार्मिकों/सर्वेक्षकों के कार्य का अनुश्रवण (मॉनिटरिंग) करेंगे और तकनीकी सहायता देंगे, लेकिन वे स्वयं सर्वेक्षण नहीं करेंगे। साथ ही यह मांग की गई कि लेखपालों के लिए एग्री स्टैक योजना से संबंधित कोई आईडी न बनाई जाए।

यह पत्र लेखपाल संघ के तहसील मंत्री सौरभ राय और तहसील अध्यक्ष अरविंद कुमार पांडे द्वारा संयुक्त रूप से प्रस्तुत किया गया। दोनों पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांग की कि लेखपालों को उनके मूल कार्यों तक सीमित रखा जाए और जबरन अतिरिक्त जिम्मेदारियां न दी जाएं।

Related Articles

Back to top button