Iran-US Tension: ‘ना पीछे हटेंगे, ना सिर झुकाएंगे…’, पेजेशकियान की अमेरिका-इजरायल को चेतावनी

ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने कहा कि ईरान सैन्य दबाव के आगे नहीं झुकेगा। उन्होंने अमेरिका और इजरायल पर ईरान को कमजोर करने की कोशिश का आरोप लगाया।

Iran-US Tension: ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच तनाव के बीच ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने एक बार फिर कड़ा बयान दिया है। सरकारी टेलीविजन को दिए इंटरव्यू में उन्होंने साफ कहा कि ईरान सैन्य दबाव के आगे न तो पीछे हटेगा और न ही सिर झुकाएगा।

‘ईरान अपने रास्ते पर आगे बढ़ेगा’

पेजेशकियान ने दावा किया कि युद्ध से पहले विरोधियों को उम्मीद थी कि सैन्य दबाव के कारण ईरान कमजोर होकर बिखर जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि मुश्किल हालात के बावजूद ईरान मजबूत स्थिति में खड़ा है और अपने रास्ते पर आगे बढ़ता रहेगा।

Iran-US Talks: ईरान से बातचीत पर अमेरिका का बड़ा बयान, होर्मुज पर फोकस लेकिन परमाणु समझौता अभी दूर

अमेरिका और इजरायल पर लगाया आरोप

ईरानी राष्ट्रपति ने आरोप लगाया कि अमेरिका और इजरायल फारस की खाड़ी के देशों को ईरान के खिलाफ करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ईरान इन प्रयासों को रोकने के लिए काम कर रहा है।

पेजेशकियान ने कहा कि अगर ईरान को जबरन झुकाने की कोशिश की गई तो वह संघर्ष से पीछे नहीं हटेगा। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अगर ईरान अपने अधिकार हासिल कर सकता है तो वह अनावश्यक रूप से युद्ध जारी रखने के पक्ष में नहीं है।

‘ईरान को सीरिया समझने की गलती न करें’

पेजेशकियान ने दावा किया कि विरोधियों ने सीरिया की तर्ज पर 48 घंटे में ईरान को कब्जे में लेने की योजना बनाई थी, लेकिन ईरान ने उनकी रणनीति को नाकाम कर दिया।

उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब क्षेत्र में तनाव कम करने और होर्मुज जलडमरूमध्य में वाणिज्यिक जहाजों की आवाजाही को लेकर बातचीत की चर्चा चल रही है। ऐसे में ईरानी राष्ट्रपति का यह सख्त रुख आने वाले दिनों में क्षेत्रीय तनाव पर असर डाल सकता है।

Related Articles

Back to top button