adevertisment Adevertiisment banner

UP News : ‘शिक्षित भारत के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण’, प्रयागराज में बोले केशव प्रसाद मौर्य

UP News : प्रयागराज में आयोजित शैक्षिक उन्नयन संगोष्ठी एवं प्रांतीय अधिवेशन में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शिक्षकों की भूमिका की सराहना की और बताया कि शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों व रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

UP News : उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को प्रयागराज के जिला पंचायत सभागार में संयुक्त समायोजित शिक्षक संघ द्वारा आयोजित शैक्षिक उन्नयन संगोष्ठी एवं प्रांतीय अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षित भारत के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और रसोइयों की जायज मांगों को पूरा करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सरकार द्वारा इन सभी वर्गों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।

उन्होंने कहा कि शिक्षकों की जिम्मेदारी केवल विद्यार्थियों को शिक्षित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि विभिन्न महत्वपूर्ण शासकीय योजनाओं और कार्यक्रमों के सफल संचालन में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले और वर्तमान समय के विद्यालयों की स्थिति में बड़ा बदलाव आया है। ऑपरेशन कायाकल्प योजना के तहत सरकारी स्कूलों में आधारभूत सुविधाओं का व्यापक विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय स्वच्छता मिशन के तहत विद्यालयों में शौचालय निर्माण जैसी महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की गई हैं।

उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार प्रदेश में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रही है। गरीबों को पक्का मकान, उज्ज्वला गैस कनेक्शन, आयुष्मान कार्ड, बिजली कनेक्शन समेत अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। साथ ही यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और सरकार शिक्षा, रोजगार तथा अन्य क्षेत्रों में बिना किसी भेदभाव के पारदर्शी तरीके से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मंत्र के साथ सभी वर्गों के उत्थान के लिए कार्य किया जा रहा है।

कार्यक्रम को प्रवीण पटेल और डॉ. वी.के. सिंह ने भी संबोधित किया। इस दौरान विभिन्न जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी तथा प्रदेश भर से आए शिक्षक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button