adevertisment Adevertiisment banner

Kunda News: राजा भैया के सानिध्य में श्रीराम कथा का शुभारंभ, बाबा रामदेव और बृजभूषण शरण सिंह पहुंचे; पाकिस्तान से आए 500 हिंदू परिवार भी हुए शामिल

Kunda News: Shriram Katha commences under the patronage of Raja Bhaiya; Baba Ramdev and Brijbhushan Sharan Singh attend; 500 Hindu families who arrived from Pakistan also participate.

Kunda News:उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के कुंडा स्थित बेंती में मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की तीन दिवसीय श्रीराम कथा का भव्य शुभारंभ हुआ। कथा के पहले दिन परेड ग्राउंड श्रद्धालुओं से खचाखच भर गया। जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के सानिध्य में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में योग गुरु बाबा रामदेव हेलीकॉप्टर से पहुंचे। वहीं, पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह सहित कई संतों और जनप्रतिनिधियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

इस आयोजन का विशेष आकर्षण पाकिस्तान से विस्थापित होकर भारत आए करीब 500 हिंदू शरणार्थी परिवार रहे, जो राजस्थान के जैसलमेर से विशेष रूप से श्रीराम कथा में शामिल होने पहुंचे। मंच से राजा भैया ने सभी परिवारों का स्वागत किया और उनके संघर्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने तमाम यातनाएं सहने के बावजूद अपना धर्म नहीं छोड़ा।

पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थियों का किया अभिनंदन

कथा व्यासपीठ से पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थियों का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने अनेक कथाएं सुनाई हैं, लेकिन पहली बार पाकिस्तानी हिंदू परिवारों के बीच कथा करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि धर्म पर आघात होने पर समाज चुप नहीं बैठेगा। कथा के दौरान उन्होंने अगले दिन शरणार्थी परिवारों से हवन कराने की बात भी कही।

राजा भैया ने शरणार्थियों का स्वागत करते हुए उनके संघर्ष और धार्मिक आस्था की सराहना की। उन्होंने कहा कि अब उनके कठिन समय का अंत होना चाहिए और उन्हें सम्मान एवं सुरक्षा के साथ जीवन जीने का अवसर मिलना चाहिए।

जातिगत भेदभाव छोड़ एकजुट होने का संदेश

श्रीराम कथा के पहले दिन पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति की महत्ता पर विस्तार से विचार रखे। उन्होंने कहा कि सतयुग से लेकर कलियुग तक सनातन संस्कृति पर अनेक प्रहार हुए, लेकिन इसे समाप्त नहीं किया जा सका। सनातन संस्कृति पहले भी जीवित थी, आज भी है और आगे भी बनी रहेगी।

उन्होंने हिंदू समाज से जाति-पाति के भेदभाव से ऊपर उठकर एकजुट रहने की अपील की। कहा कि समाज में आपसी विभाजन से एकता कमजोर होती है। अपनी संस्कृति, परंपराओं और विरासत को सुरक्षित रखने के लिए सभी को एक साथ खड़ा होना होगा।

कथा में भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र का वर्णन करते हुए उन्होंने माता-पिता के प्रति सम्मान, भाइयों के बीच प्रेम, मर्यादा और प्रजा के प्रति कर्तव्य जैसे आदर्शों पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, माता-पिता की सेवा करने और भारतीय संस्कृति से जुड़े रहने का आह्वान किया।

बाबा रामदेव ने सुनाया मारवाड़ी भजन

कार्यक्रम में योग गुरु बाबा रामदेव हेलीकॉप्टर से पहुंचे। उन्होंने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए सनातन संस्कृति और भारतीय परंपराओं के महत्व पर अपने विचार रखे। बाबा रामदेव ने कहा कि सनातन ही भारत की आत्मा है। इस दौरान उन्होंने अपने खास अंदाज में मारवाड़ी भजन सुनाकर श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाया।

बृजभूषण शरण सिंह ने की राजा भैया की तारीफ

पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह भी कथा में शामिल हुए। उन्होंने पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से आशीर्वाद लिया और धार्मिक आयोजनों को समाज के लिए आवश्यक बताया। आयोजनकर्ता राजा भैया की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि उनके पिता का भी दबदबा था, उनका भी है और आगे भी रहेगा। उनके इस बयान पर पंडाल में मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर समर्थन जताया।

जैसलमेर से पहुंचे 500 पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थी

श्रीराम कथा में शामिल होने पहुंचे करीब 500 पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थी राजस्थान के जैसलमेर में रह रहे हैं। राजा भैया का इन परिवारों से पुराना जुड़ाव बताया जाता है। वर्ष 2024 में उन्होंने राजस्थान के जोधपुर स्थित पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थी शिविर का दौरा कर परिवारों से मुलाकात की थी और आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई थी। इसके अलावा दिल्ली के मजनू का टीला क्षेत्र में रह रहे शरणार्थियों की भी मदद की थी।

बीते दिनों इन शरणार्थी परिवारों के बच्चों ने राजा भैया के जन्मदिन पर केक काटकर उन्हें शुभकामनाएं दी थीं, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। कथा आयोजन के दौरान शरणार्थी परिवारों को प्रयागराज के संगम, अयोध्या धाम और काशी विश्वनाथ धाम सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराने की भी योजना है।

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के इंतजाम

कथा में उमड़ रही हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और प्रतापगढ़ पुलिस ने व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। कथा पंडाल, पार्किंग स्थलों और प्रमुख मार्गों पर ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आयोजन स्थल पर अस्थायी अस्पताल, पुलिस चौकी और खोया-पाया केंद्र बनाया गया है। इसके साथ ही परेड ग्राउंड के आसपास अस्थायी बाजार और मेले की व्यवस्था भी की गई है।

दिसंबर में गोंडा और लखनऊ में होगी रामकथा

कुंडा के बाद पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का अगला धार्मिक आयोजन गोंडा जिले के कटरा बाजार में प्रस्तावित है। यहां 4, 5 और 6 दिसंबर को तीन दिवसीय श्रीराम कथा आयोजित होगी। बागेश्वर धाम सरकार ने वीडियो संदेश के माध्यम से गोंडा के श्रद्धालुओं को कथा में शामिल होने का निमंत्रण दिया है।

उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय आयोजन के दौरान एक दिन दिव्य दरबार भी लगाया जाएगा। श्रद्धालुओं से हनुमान चालीसा और नारियल लेकर कथा में शामिल होने की अपील की गई है।

वहीं, गोंडा के बाद दिसंबर के तीसरे सप्ताह में राजधानी लखनऊ में भी श्रीराम कथा का आयोजन प्रस्तावित है।

Read Also-Sonbhadra News: एंट्री के नाम पर अवैध वसूली के आरोपों से मचा हड़कंप, ट्रक ऑपरेटरों में आक्रोश, स्वतंत्र जांच की मांग तेज

Related Articles

Back to top button