Lucknow News : झगड़े का वीडियो बनाने पर ढाबा मालिक को मारी गोली, हालत गंभीर
Lucknow News : लखनऊ के मड़ियांव इलाके में सड़क पर झगड़े का वीडियो बनाने पर ढाबा मालिक विजय यादव को बदमाशों ने गोली मार दी। माथे में गोली लगने से हालत गंभीर, पुलिस CCTV खंगाल रही है।
Lucknow News : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सड़क पर झगड़ा कर रहे युवकों का वीडियो बनाना एक ढाबा मालिक को भारी पड़ गया। मड़ियांव थाना क्षेत्र में दबंग युवकों ने ढाबा संचालक को सिर में गोली मार दी। गंभीर हालत में घायल युवक का ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में कई टीमें लगा दी हैं।
घटना रविवार शाम करीब 5 बजे भिटौली तिराहे के पास स्थित यादव ढाबा एंड फैमिली रेस्टोरेंट पर हुई। घायल युवक की पहचान तरहिया सैरपुर निवासी 28 वर्षीय विजय यादव के रूप में हुई है।
पहले सड़क पर हुआ झगड़ा, फिर चली गोली
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विजय यादव अपने ढाबे के बाहर मौजूद थे। इसी दौरान कुछ युवक सड़क पर आपस में झगड़ा कर रहे थे। विजय ने उन्हें रोकने की कोशिश की और जब वे नहीं माने तो मोबाइल से वीडियो बनाने लगे।
वीडियो बनाते देख एक युवक विजय के पास पहुंचा और रिकॉर्डिंग बंद करने को कहा। कहासुनी के बाद युवक वहां से चले गए। करीब 20 मिनट बाद दो बाइक सवार बदमाश वापस लौटे और विजय यादव पर फायरिंग कर दी।
गोली सीधे विजय के माथे पर लगी, जिससे वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े। गोली चलने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी मौके से फरार हो गए।
ट्रॉमा सेंटर में भर्ती, हालत नाजुक
घटना के बाद स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने घायल विजय को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। फिलहाल उनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। विजय की मां ने कहा कि उनके बेटे की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी।
कर्मचारी ने सुनाई घटना की पूरी कहानी
ढाबे पर काम करने वाले कर्मचारी मौसम ने बताया कि वह नहाकर बाहर निकला ही था कि अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। नीचे पहुंचा तो मालिक विजय यादव खून से लथपथ जमीन पर पड़े थे।
पुलिस CCTV फुटेज खंगालने में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंच गई। इलाके के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
एडीसीपी नार्थ ट्विंकल जैन ने बताया कि विजय यादव के माथे पर गोली लगी है और उनका इलाज जारी है। पुलिस की तीन टीमें आरोपियों की तलाश में लगी हैं। वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान की जा रही है और हर एंगल से जांच जारी है।
इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्रा के मुताबिक, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



