Lucknow News: यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 13 वरिष्ठ IAS अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारियां
कई मंडलों के मंडलायुक्त, विभागीय सचिव और प्रमुख संस्थानों के अधिकारियों का तबादला, शासन ने जारी किए आदेश
Lucknow News:उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को 13 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए। इस फेरबदल के तहत विभिन्न मंडलों के मंडलायुक्तों, विभागीय सचिवों, निगमों के प्रबंध निदेशकों और विकास प्राधिकरणों के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जारी आदेश के अनुसार, अनिल ढींगरा को उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद का आवास आयुक्त नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें निदेशक, नगर भूमि सीमारोपण तथा सचिव, आवास एवं शहरी नियोजन विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
इंद्र विक्रम सिंह को गोरखपुर मंडल का मंडलायुक्त बनाया गया है। वहीं वैभव श्रीवास्तव को बस्ती मंडल, डॉ. लोकेश एम. को प्रयागराज मंडल तथा शुभम कुमार को बरेली मंडल का नया मंडलायुक्त नियुक्त किया गया है।
अन्य नियुक्तियों में प्रकाश बिंदु को पीसीडीएफ का प्रबंध निदेशक, सौम्या अग्रवाल को श्रमायुक्त, संदीप कुमार को पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (PuVVNL) का प्रबंध निदेशक तथा डॉ. बलकार सिंह को उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPSIDA) का मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है।
इसके अलावा भूपेंद्र एस. चौधरी को प्रशासनिक सुधार विभाग में सचिव, पुष्प राज सिंह को नोएडा का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी तथा सतीश पाल को गृह विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं रविन्द्र को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
शासन का मानना है कि इस प्रशासनिक फेरबदल से विभिन्न विभागों और मंडलों में कार्यों के बेहतर समन्वय, निर्णय प्रक्रिया में तेजी तथा प्रशासनिक दक्षता को और मजबूती मिलेगी।
Read Also:UP News: जागरूकता और समय पर जांच ही सुरक्षित मातृत्व की गारंटी : डॉ. सोनू सिंह



