Lucknow Gangrape Case : UPSC की तैयारी कर रही छात्रा को 3 दिन तक बंधक बनाकर किया गैंगरेप, 3 आरोपी फरार

Lucknow Gangrape Case : लखनऊ में UPSC की तैयारी कर रही छात्रा के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवती को 3 दिन तक बंधक बनाकर नशीली दवा देकर दुष्कर्म किया। पुलिस जांच में जुटी।

Lucknow Gangrape Case : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। दिल्ली में रहकर UPSC की तैयारी कर रही एक छात्रा के साथ कथित तौर पर गैंगरेप किया गया। आरोप है कि युवती को उसके परिचित युवक और उसके दोस्तों ने तीन दिन तक बंधक बनाकर रखा और नशीला पदार्थ देकर कई बार दुष्कर्म किया।

पीड़िता जौनपुर की रहने वाली है और दिल्ली के एक प्रतिष्ठित कॉलेज से बीए ऑनर्स की पढ़ाई कर रही है। वह सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी भी कर रही है। जानकारी के मुताबिक, छुट्टियों में घर आने के बाद छात्रा 15 मई को सुहेलदेव एक्सप्रेस से दिल्ली लौट रही थी। इसी दौरान उसने अपने पुराने परिचित शिवम यादव को ट्रेन में होने की जानकारी दी।

चारबाग स्टेशन पर उतारकर ले गए कमरे में

जैसे ही ट्रेन लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पहुंची, आरोपी शिवम यादव अपने दोस्त शनि यादव के साथ वहां पहुंच गया। दोनों ने छात्रा को जबरन ट्रेन से उतार लिया और सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में एक किराए के कमरे पर ले गए।

आरोप है कि कमरे में युवती को कॉफी में नशीली दवा मिलाकर पिलाई गई, जिसके बाद वह बेहोश हो गई। इसी हालत में आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता के विरोध के बावजूद आरोपी नहीं रुके।

तीन दिन तक बंधक बनाकर किया गैंगरेप

पीड़िता का आरोप है कि 16 मई को शिवम का दोस्त शनि यादव भी कमरे पर पहुंचा और उसने भी उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपियों ने युवती को कमरे में बंद रखा और बाहर जाते समय दरवाजे पर ताला लगा देते थे।

17 मई को एक तीसरा युवक भी वहां पहुंचा, जिसे पीड़िता पहचानती नहीं है। आरोप है कि तीनों ने मिलकर 18 मई तक छात्रा के साथ कई बार गैंगरेप किया।

वापस ट्रेन में बैठाकर भेजा दिल्ली

लगातार तीन दिन तक बंधक बनाए रखने के बाद आरोपियों ने युवती को चारबाग स्टेशन पहुंचाया और उसे ट्रेन में बैठाकर दिल्ली रवाना कर दिया। ट्रेन जब बरेली के पास पहुंची तो पीड़िता ने अपने पिता को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी।

इसके बाद परिजनों ने रेलवे हेल्पलाइन 139 पर सूचना दी। जीआरपी टीम ने छात्रा को सुरक्षित बाहर निकाला और दिल्ली के आनंद विहार थाने में जीरो एफआईआर दर्ज कराई गई।

पुलिस जांच में जुटी

पीड़िता के पिता का कहना है कि घटना के बाद उनकी बेटी गहरे सदमे में है और मानसिक रूप से टूट चुकी है। वहीं, लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना पुलिस का कहना है कि दिल्ली से जीरो एफआईआर प्राप्त हो चुकी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button