West Bengal Politics: महुआ मोइत्रा पर भड़कीं काकोली घोष, बोलीं- ‘ये सिर्फ मनगढ़ंत सोच, जनता ने दे दिया जवाब’
बागी सांसद काकोली घोष ने महुआ मोइत्रा के दावों को बताया हकीकत से दूर, कहा- जनता का फैसला सबसे बड़ा
West Bengal Politics: तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के भीतर सियासी बयानबाजी तेज होती नजर आ रही है। पार्टी की बागी सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने सांसद महुआ मोइत्रा के हालिया बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनके दावे वास्तविकता से कोसों दूर हैं और केवल मनगढ़ंत कल्पनाओं पर आधारित हैं।
काकोली घोष ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए महुआ मोइत्रा के बयान को खारिज किया। उन्होंने लिखा कि यह सिर्फ उनकी कल्पना है, जिसका जमीनी सच्चाई से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता अपना जनादेश दे चुकी है और लोगों ने ऐसे राजनीतिक रवैये को स्वीकार नहीं किया।
दरअसल, महुआ मोइत्रा ने हाल ही में पार्टी छोड़ने वाले या बागी रुख अपनाने वाले सांसदों को लेकर टिप्पणी की थी। उनका दावा था कि भारतीय जनता पार्टी इन नेताओं का इस्तेमाल केवल अपने राजनीतिक मकसद, खासकर डिलिमिटेशन बिल जैसे मुद्दों पर समर्थन हासिल करने के लिए कर रही है। उन्होंने कहा था कि काम निकल जाने के बाद ऐसे नेताओं को भाजपा में भी स्थायी जगह नहीं मिलेगी और उनका राजनीतिक भविष्य समाप्त हो जाएगा।
महुआ के इसी बयान पर पलटवार करते हुए काकोली घोष ने कहा कि राजनीतिक भविष्य को लेकर इस तरह की भविष्यवाणियां वास्तविकता पर आधारित नहीं हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि लोकतंत्र में अंतिम फैसला जनता करती है और पश्चिम बंगाल की जनता पहले ही अपना मत स्पष्ट कर चुकी है।
टीएमसी के भीतर सामने आए इन सार्वजनिक बयानों ने पार्टी की आंतरिक राजनीति और मतभेदों को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है। आने वाले दिनों में यह बयानबाजी राज्य की राजनीति पर क्या असर डालती है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।
Written By: Ekta Verma



