adevertisment Adevertiisment banner

Mau – डिजिटल क्रॉप सर्वे को मिशन मोड में समयबद्ध व पारदर्शी ढंग से पूर्ण कराएं : एसडीएम सत्य प्रकाश

लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई, किसानों को योजनाओं का लाभ दिलाना प्राथमिकता : अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश

Mau – डिजिटल क्रॉप सर्वे अभियान को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। इसी क्रम में घोसी के उपजिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने तहसील परिसर में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य समयबद्ध, पारदर्शी एवं सटीक ढंग से हर हाल में पूर्ण कराया जाए, जिससे किसानों को योजनाओं का लाभ शीघ्रता से मिल सके।

उपजिलाधिकारी ने कहा कि डिजिटल क्रॉप सर्वे एक अत्यंत महत्वपूर्ण व प्राथमिकता वाला कार्य है, जिससे सरकार को खेत स्तर पर वास्तविक फसल की जानकारी मिल सकेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सर्वे में कोई भी लापरवाही, मनमानी या फर्जीवाड़ा नहीं चलने दिया जाएगा। यदि किसी स्तर पर शिथिलता पाई जाती है तो संबंधित कर्मियों के खिलाफ कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि फील्ड में जाकर स्वयं निगरानी करें तथा डेटा एंट्री व सत्यापन की प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बरतें। किसानों की भूमि पर बोई गई फसलों की सटीक जानकारी दर्ज की जाए, ताकि सरकार की कृषि योजनाएं सही किसानों तक पहुंच सकें और फर्जी लाभार्थियों की पहचान की जा सके।

बैठक के दौरान उपजिलाधिकारी ने अधिकारियों से अब तक की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर कार्य में तेजी लाई जाए। जहां कहीं तकनीकी दिक्कतें आ रही हों, उन्हें तत्काल निस्तारित किया जाए। उन्होंने क्रॉप सर्वे कार्य की ऑनलाइन मॉनिटरिंग की भी बात कही।

इस महत्वपूर्ण बैठक में घोसी के तहसीलदार धर्मेंद्र कुमार पाण्डेय, बीडीओ शैलेश प्रकाश, एडीओ पंचायत प्रदीप कुमार यादव, एडीओ कोआपरेटिव रमेश यादव, एडीओ आईएसबी प्रवीण कुमार, राजस्व निरीक्षक मतीन खान, तथा कंप्यूटर ऑपरेटर सुनील कुमार गोंड सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button