AI Impact on Jobs: AI पर बढ़ते फोकस के बीच Meta में छंटनी की तैयारी, 16 हजार कर्मचारियों की नौकरी पर मंडरा रहा खतरा

AI पर बढ़ते फोकस के चलते Meta में 16 हजार कर्मचारियों की छंटनी की तैयारी चल रही है, जिसका पहला चरण 20 मई से शुरू हो सकता है।

AI Impact on Jobs: दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी Meta Platforms में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए चिंता बढ़ाने वाली खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी आने वाले महीनों में करीब 16 हजार कर्मचारियों की छंटनी कर सकती है। माना जा रहा है कि इस प्रक्रिया की शुरुआत 20 मई से हो सकती है, जिससे हजारों कर्मचारियों की नौकरियों पर असर पड़ने की आशंका है।

जानकारी के मुताबिक, पहले चरण में ही लगभग 8 हजार कर्मचारियों को प्रभावित किया जा सकता है। यह संख्या कंपनी के कुल वैश्विक कर्मचारियों का लगभग 10 प्रतिशत बताई जा रही है। हालांकि कंपनी की ओर से अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन आंतरिक सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि वर्ष 2026 के अंत तक कुल 16 हजार कर्मचारियों को नौकरी से हटाया जा सकता है।

इस बड़े फैसले के पीछे कंपनी के सीईओ मार्क जुकरबर्ग की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर नई रणनीति को मुख्य कारण माना जा रहा है। कंपनी अब AI तकनीक पर बड़े स्तर पर निवेश करने की तैयारी कर रही है। बताया जा रहा है कि Meta इस वर्ष लगभग 135 बिलियन डॉलर की भारी राशि AI से जुड़े प्रोजेक्ट्स, डेटा सेंटर और आधुनिक चिप्स के विकास पर खर्च करने की योजना बना रही है।

यह पहली बार नहीं है जब Meta में बड़े स्तर पर छंटनी की चर्चा हुई है। इससे पहले 2022 और 2023 में भी कंपनी हजारों कर्मचारियों को निकाल चुकी है। उस समय भी कंपनी ने अपने ढांचे को अधिक प्रभावी और लागत कम करने के उद्देश्य से कर्मचारियों की संख्या घटाई थी।

Also Read: IPL Latest Update: लगातार झटकों से जूझ रही CSK, अब आयुष म्हात्रे भी चोट के कारण 3 हफ्ते के लिए IPL से बाहर

विशेषज्ञों का मानना है कि यह बदलाव केवल Meta तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरी टेक इंडस्ट्री में AI के बढ़ते उपयोग के कारण नौकरियों की प्रकृति तेजी से बदल रही है। आने वाले समय में कई पारंपरिक भूमिकाओं की जगह AI आधारित सिस्टम लेने की संभावना जताई जा रही है।

Written By: Kalpana Pandey

Related Articles

Back to top button