12 Years of Modi Government : पीएम मोदी के 12 साल पर बोले सीएम योगी, भारत आस्था और आर्थिकी के संगम से विकसित राष्ट्र की ओर

12 Years of Modi Government : पीएम मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर सीएम योगी ने गिनाईं उपलब्धियां। कहा- गरीब, महिला, युवा और किसान केंद्रित नीतियों से बदला भारत, यूपी बनेगा 1 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था।

12 Years of Modi Government : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लोकभवन में आयोजित मीडिया संवाद में मोदी सरकार की उपलब्धियों का विस्तृत उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी शक्ति, सामर्थ्य और नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया है तथा आस्था और आर्थिक विकास के संगम के साथ विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा, सुशासन और समर्पण के मूल मंत्र के साथ प्रधानमंत्री मोदी ने देश को नई दिशा दी है। इस दौरान गरीब, महिला, युवा और किसान को विकास की मुख्य धुरी बनाकर योजनाएं संचालित की गईं, जिनका व्यापक लाभ देश और विशेष रूप से उत्तर प्रदेश को मिला।

योजनाओं को मिला जन आंदोलन का स्वरूप

सीएम योगी ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद पहली बार सरकारी योजनाओं को जन आंदोलन का स्वरूप मिला। जनधन योजना, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और मुद्रा योजना जैसी पहलों ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं, जो विश्व स्तर पर एक बड़ी उपलब्धि है। उत्तर प्रदेश में 65 लाख गरीब परिवारों को आवास, 3 करोड़ परिवारों को शौचालय, लगभग 2 करोड़ परिवारों को उज्ज्वला गैस कनेक्शन तथा 15 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिला है।

महिला सशक्तीकरण और युवाओं को नए अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मातृ वंदन योजना और नारी शक्ति वंदन अधिनियम जैसी पहलों ने महिलाओं को नई पहचान दी है। वहीं, मिशन शक्ति अभियान और पुलिस भर्ती में महिलाओं को आरक्षण देकर सुरक्षा और अवसर दोनों सुनिश्चित किए गए हैं।

युवाओं के लिए कौशल विकास, स्टार्टअप संस्कृति, पीएम विश्वकर्मा योजना, फिट इंडिया और खेलो इंडिया जैसे कार्यक्रमों ने नए अवसर पैदा किए हैं। उन्होंने कहा कि आज का युवा रोजगार मांगने वाला नहीं बल्कि रोजगार देने वाला बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

किसानों और गरीबों के लिए ऐतिहासिक पहल

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना और प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना जैसी योजनाओं ने किसानों को आर्थिक मजबूती दी है। उत्तर प्रदेश में 3 करोड़ से अधिक किसान किसान सम्मान निधि का लाभ प्राप्त कर रहे हैं, जबकि गन्ना किसानों को 3.22 लाख करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया जा चुका है।

उन्होंने कोविड-19 महामारी के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि मुफ्त राशन, मुफ्त वैक्सीन और मुफ्त उपचार जैसी व्यवस्थाओं ने करोड़ों लोगों को राहत पहुंचाई।

सांस्कृतिक पुनर्जागरण का नया दौर

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की सांस्कृतिक विरासत और आस्था को नया सम्मान मिला है। अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर, महाकाल लोक और केदारपुरी पुनर्विकास जैसी परियोजनाएं भारत की सांस्कृतिक चेतना के पुनर्जागरण का प्रतीक हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देश के पहले ऐसे प्रधानमंत्री बने जिन्होंने राम मंदिर के शिलान्यास, प्राण प्रतिष्ठा और मंदिर पर ध्वजारोहण जैसे ऐतिहासिक कार्यों में प्रत्यक्ष भूमिका निभाई।

राष्ट्रीय सुरक्षा पर बदली नीति

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने आतंकवाद और सीमा पार से होने वाली चुनौतियों के प्रति निर्णायक नीति अपनाई है। सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसी कार्रवाइयों ने स्पष्ट संदेश दिया कि भारत अपनी सुरक्षा और संप्रभुता के साथ कोई समझौता नहीं करेगा।

2030 तक यूपी को बनाएंगे 1 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री मोदी के विजन को आधार बनाकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने दोहराया कि राज्य को वर्ष 2030 तक 1 ट्रिलियन डॉलर, 2036 तक 2 ट्रिलियन डॉलर और 2047 तक 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत के साथ विकसित उत्तर प्रदेश और आत्मनिर्भर भारत के साथ आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश का निर्माण ही प्रदेश सरकार का संकल्प है।

विपक्ष पर भी साधा निशाना

मीडिया संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिन राजनीतिक दलों की राजनीति भ्रष्टाचार, परिवारवाद, तुष्टिकरण और कुशासन पर आधारित रही, उन्हें देश में हो रहा विकास और परिवर्तन स्वीकार नहीं हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पूरा विश्व भारत की विकास यात्रा की सराहना कर रहा है, लेकिन कुछ विपक्षी दल राजनीतिक कारणों से इन उपलब्धियों को स्वीकार करने से बच रहे हैं।

Related Articles

Back to top button