International News: मोजतबा खामेनेई का VIDEO आया सामने लोगों से बातचीत करते दिखे ईरान के सुप्रीम लीडर, मौत की खबरों के बीच मचा हड़कंप

मोजतबा खामेनेई की सेहत को लेकर लगातार चल रही अटकलों के बीच ईरानी मीडिया ने एक वीडियो जारी किया है। वीडियो में वह कुछ लोगों के साथ बातचीत करते नजर आ रहे हैं।

International News: ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई की सेहत और उनके ठिकाने को लेकर पिछले कई दिनों से तरह-तरह के दावे सामने आ रहे हैं। इसी बीच ईरान की सरकारी समर्थन वाली समाचार एजेंसी ‘मेहर न्यूज’ ने मोजतबा खामेनेई का करीब 12 सेकेंड का एक वीडियो जारी किया है। वीडियो में मोजतबा कुछ लोगों के साथ बातचीत करते नजर आ रहे हैं और देखने में स्वस्थ दिखाई दे रहे हैं।

वीडियो सामने आने के बाद ईरानी मीडिया ने इसे उन रिपोर्टों के जवाब के तौर पर पेश किया है, जिनमें मोजतबा खामेनेई की हालत बेहद गंभीर होने और उनकी कभी भी मौत होने का दावा किया गया था। हालांकि, इस वीडियो के सामने आने के बाद भी उनकी वास्तविक स्थिति को लेकर पूरी तस्वीर साफ नहीं हुई है।

वीडियो में क्या नजर आया?

सामने आए वीडियो में मोजतबा खामेनेई एक गद्दे पर बैठे दिखाई दे रहे हैं। उनके सामने कुछ लोग बैठे हैं और वह उनसे बातचीत करते नजर आते हैं। वीडियो बेहद छोटा है, लेकिन इसमें मोजतबा सामान्य अवस्था में दिखाई दे रहे हैं।

वीडियो के सामने आते ही सोशल मीडिया पर इसे लेकर चर्चा तेज हो गई। ईरानी मीडिया समर्थकों ने इसे उनकी सुरक्षित और स्वस्थ स्थिति का संकेत बताया, जबकि कुछ लोगों ने वीडियो की तारीख और इसकी प्रामाणिकता को लेकर सवाल उठाए हैं।

क्या पुराना है मोजतबा का वीडियो?

मोजतबा खामेनेई के इस वीडियो को लेकर सबसे बड़ा सवाल यही है कि यह फुटेज कब का है। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने दावा किया कि वीडियो नया नहीं बल्कि पुराना है और इसे उनकी मौजूदा स्थिति को लेकर उठ रहे सवालों के बीच दोबारा जारी किया गया है।

‘यूनाइटेड अगेंस्ट न्यूक्लियर ईरान’ (UANI) के पॉलिसी डायरेक्टर जेसन ब्रोड्स्की ने भी सोशल मीडिया पर दावा किया कि यह फुटेज युद्ध से पहले का है और मार्च में पहले ही सामने आ चुका था। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

इजरायली मीडिया ने क्या दावा किया था?

मोजतबा खामेनेई की स्थिति को लेकर 7 अगस्त को इजरायली मीडिया में कई रिपोर्टें सामने आई थीं। इन रिपोर्टों में दावा किया गया था कि ईरान के सुप्रीम लीडर की हालत बेहद गंभीर है और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। कुछ रिपोर्टों में उनकी जान को भी खतरा बताया गया था।

इन दावों के बीच ईरानी मीडिया की ओर से वीडियो जारी किए जाने को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, वीडियो नया है या पुराना, इसे लेकर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

फरवरी के हमलों के बाद से जारी है सस्पेंस

मोजतबा खामेनेई को लेकर अटकलों का सिलसिला फरवरी के आखिर में अमेरिका और इजरायल के ईरान पर हमलों के बाद तेज हुआ। इसके बाद कई मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया कि शुरुआती हमलों के दौरान मोजतबा घायल हुए थे।

कुछ रिपोर्टों में यहां तक दावा किया गया कि जिस परिसर में अयातुल्ला अली खामेनेई मौजूद थे, मोजतबा भी उसी इलाके में थे। दावा किया गया कि हमले से कुछ मिनट पहले वह वहां से निकल गए थे और इसी वजह से उनकी जान बच गई।

इसके अलावा यह भी दावा सामने आया कि मोजतबा को चोटें आई थीं और बाद में उन्हें रूस की मदद से एक विशेष विमान के जरिए इलाज के लिए दूसरे देश ले जाया गया। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक और स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

International News: रूस से तेल खरीदने पर भारत पर 100% टैरिफ का खतरा, अमेरिकी सीनेट में बिल पास

ईरान में नेतृत्व को लेकर भी उठे सवाल

मोजतबा खामेनेई की स्थिति को लेकर सवाल केवल उनकी सेहत तक सीमित नहीं हैं। उनकी सार्वजनिक मौजूदगी कम होने के कारण ईरान के नेतृत्व और निर्णय लेने की प्रक्रिया को लेकर भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा होती रही है।

ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन के एक इंटरव्यू में यह कहे जाने के बाद कि फिलहाल खामेनेई से सीधे संपर्क करना ‘बहुत मुश्किल’ है, इन अटकलों को और हवा मिली। इसके बाद क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मीडिया में लगातार यह सवाल उठता रहा कि मोजतबा इस समय कहां हैं और क्या वह देश के शीर्ष नेतृत्व के साथ नियमित संपर्क में हैं।

Related Articles

Back to top button