adevertisment Adevertiisment banner

Marco Rubio: ट्रंप प्रशासन छोड़ने की अटकलों पर मार्को रुबियो ने तोड़ी चुप्पी

Marco Rubio: बोले- राष्ट्रपति का कार्यकाल पूरा होने तक साथ काम करना मेरी योजना।

Marco Rubio: अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन से अलग होने की खबरों पर विराम लगा दिया है। उन्होंने इन अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि उन्हें नहीं पता कि इस तरह की बातें कहां से सामने आती हैं। रुबियो ने स्पष्ट किया कि ट्रंप के कार्यकाल के अंत तक उनके साथ काम करना उनकी योजना रही है।

दरअसल, अमेरिका में मिडटर्म चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी को झटका लगने के बाद ऐसी खबरें सामने आई थीं कि रुबियो ट्रंप प्रशासन में बने रहने को लेकर अपने विकल्पों पर विचार कर रहे हैं। हालांकि, गुरुवार को व्हाइट हाउस स्थित अपने कार्यालय में एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने इन चर्चाओं को गलत बताया।

‘मुझे अपना काम बहुत पसंद है’

द न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, रुबियो ने इंटरव्यू में कहा कि उन्हें अपना काम पसंद है और पद छोड़ने की खबरें सुनकर उन्हें हंसी आती है। उन्होंने कहा, “सच कहूं तो मुझे नहीं पता कि ये बातें कहां से आती हैं।” रुबियो ने यह भी कहा कि जब उनसे नौकरी छोड़ने की बात कही जाती है तो वह पूछते हैं कि आखिर कौन सी नौकरी?

गौरतलब है कि रुबियो अमेरिकी विदेश मंत्री के साथ-साथ ट्रंप के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं।

2028 के राष्ट्रपति चुनाव पर नहीं दिया जवाब

इंटरव्यू के दौरान रुबियो से वर्ष 2028 में राष्ट्रपति पद का चुनाव लड़ने की संभावनाओं को लेकर भी सवाल किया गया। हालांकि, उन्होंने इस मुद्दे पर कोई स्पष्ट जवाब देने से इनकार कर दिया। रुबियो ने कहा कि वह अब 2028 के चुनाव को लेकर कोई चर्चा नहीं करना चाहते।

उन्होंने यह भी संकेत दिया कि यदि उपराष्ट्रपति जेडी वेंस 2028 में राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव लड़ते हैं तो वह उनका समर्थन करेंगे। रुबियो ने पहले भी वेंस को अपना अच्छा दोस्त बताया था।

ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट में किया गया था दावा

इससे पहले ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि मिडटर्म चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी के प्रदर्शन के बाद रुबियो ट्रंप प्रशासन छोड़ने के विकल्प पर विचार कर रहे हैं। रिपोर्ट में मामले से परिचित लोगों के हवाले से कहा गया था कि रुबियो और उनके सलाहकार अलग-अलग संभावनाओं पर चर्चा कर रहे थे।

हालांकि, रिपोर्ट के अनुसार उस समय रुबियो ने पद छोड़ने को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं किया था और न ही इसके लिए कोई समय-सीमा तय की गई थी। कुछ सूत्रों ने यह भी दावा किया था कि उन्होंने व्हाइट हाउस के अधिकारियों से इस संबंध में बातचीत की थी, लेकिन उन्हें पद पर बने रहने के लिए कहा गया।

व्हाइट हाउस ने भी खबरों को किया था खारिज

रुबियो के इस्तीफे से जुड़ी खबरों पर व्हाइट हाउस ने भी प्रतिक्रिया दी थी। व्हाइट हाउस की प्रवक्ता बेनी रे हार्मनी ने इन दावों को निराधार बताते हुए कहा था कि यह अज्ञात सूत्रों की ओर से फैलाई गई मनगढ़ंत अफवाह है और इसमें कोई तथ्य नहीं है।

द इंडिपेंडेंट के मुताबिक, अमेरिका और ब्रिटेन समेत कई जगहों पर रुबियो के इस्तीफे को लेकर चर्चाएं चल रही थीं। कुछ राजनीतिक जानकारों का मानना था कि वह नवंबर 2028 में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिए रिपब्लिकन पार्टी की उम्मीदवारी की तैयारी कर सकते हैं। हालांकि, रुबियो के ताजा बयान ने फिलहाल इन अटकलों को खारिज कर दिया है।

Related Articles

Back to top button