adevertisment Adevertiisment banner

MS Dhoni Retirement: IPL से धोनी के 18 साल के सफर का अंत, CSK ने बनाया टीम मेंटर; अब मैदान पर नहीं दिखेगा ‘थाला’ का जलवा

चेन्नई सुपर किंग्स ने महेंद्र सिंह धोनी को IPL 2027 से टीम मेंटर नियुक्त किया है। पांच बार टीम को चैंपियन बनाने वाले धोनी अब खिलाड़ी के रूप में मैदान पर नजर नहीं आएंगे।

MS Dhoni Retirement: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के इतिहास के सबसे सफल और लोकप्रिय खिलाड़ियों में शामिल महेंद्र सिंह धोनी ने अपने आईपीएल खेलने के सफर को विराम दे दिया है। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने मंगलवार, 17 नवंबर को आधिकारिक घोषणा करते हुए बताया कि धोनी अब आईपीएल में बतौर खिलाड़ी मैदान पर नजर नहीं आएंगे। हालांकि, क्रिकेट और चेन्नई सुपर किंग्स से उनका रिश्ता खत्म नहीं होगा। फ्रेंचाइजी ने उन्हें IPL 2027 से टीम का मेंटर नियुक्त किया है। यानी अब धोनी ड्रेसिंग रूम में रहकर खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करते और टीम की रणनीति बनाने में अहम भूमिका निभाते नजर आएंगे।

धोनी के इस फैसले से करोड़ों क्रिकेट प्रशंसकों को भावुक कर दिया है। पिछले करीब दो दशकों से आईपीएल में अपनी बल्लेबाजी, विकेटकीपिंग और कप्तानी से पहचान बनाने वाले धोनी अब एक नए अवतार में दिखाई देंगे। उनके आईपीएल करियर का अंत क्रिकेट के एक ऐसे दौर की समाप्ति है, जिसने चेन्नई सुपर किंग्स को एक अलग पहचान दिलाई।

CSK ने सोशल मीडिया पर किया ऐलान

चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर धोनी की नई भूमिका की जानकारी साझा की। फ्रेंचाइजी ने उन्हें एक ऐसे खिलाड़ी के रूप में याद किया, जिनका योगदान केवल मैदान पर मिली जीत और ट्रॉफियों तक सीमित नहीं रहा।

CSK ने अपने संदेश में कहा कि महेंद्र सिंह धोनी जैसे खिलाड़ी जिंदगी में कभी-कभार ही मिलते हैं। उन्होंने टीम को गौरव दिलाने से लेकर मुश्किल दौर में मार्गदर्शन करने तक हर परिस्थिति में फ्रेंचाइजी के साथ अपनी भूमिका निभाई है। अब वह अगली पीढ़ी के खिलाड़ियों को तैयार करने में योगदान देंगे।

चेन्नई सुपर किंग्स के मालिक एन. श्रीनिवासन ने भी धोनी के साथ अपने करीब दो दशक पुराने संबंधों को याद किया। उन्होंने कहा कि 2008 में धोनी को टीम के साथ जोड़ने का फैसला उनके सबसे अच्छे फैसलों में से एक था। वहीं फ्रेंचाइजी की ओर से कहा गया कि धोनी हमेशा CSK की पहचान का हिस्सा रहेंगे और चेन्नई उनका घर बना रहेगा।

चोट के कारण IPL 2026 में नहीं खेल पाए थे धोनी

धोनी के आईपीएल करियर को लेकर पिछले कई महीनों से अटकलें लगाई जा रही थीं। इसकी सबसे बड़ी वजह उनकी फिटनेस और उम्र थी। 45 वर्षीय विकेटकीपर-बल्लेबाज IPL 2026 में एक भी मुकाबला नहीं खेल पाए थे। घुटने की चोट के कारण उन्हें पूरे सीजन से बाहर रहना पड़ा था।

हालांकि, वह टीम के साथ जुड़े रहे और ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करते रहे। उनकी अनुपस्थिति में विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संजू सैमसन ने संभाली।

इससे पहले धोनी ने अपने भविष्य को लेकर कहा था कि वह मेडिकल जांच के बाद ही तय करेंगे कि उनका शरीर एक और आईपीएल सीजन खेलने की अनुमति देता है या नहीं। उन्होंने खुद की तुलना पुरानी विंटेज कार से करते हुए कहा था कि उसे चालू हालत में रखने के लिए डॉक्टरों की मदद की जरूरत पड़ती है।

अब फ्रेंचाइजी की ओर से उन्हें मेंटर बनाए जाने के ऐलान के साथ ही IPL 2027 में उनके खेलने को लेकर चल रही चर्चाओं पर विराम लग गया है।

2008 से 2025 तक, ऐसा रहा धोनी का आईपीएल सफर

महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल के पहले सीजन यानी 2008 से ही इस टूर्नामेंट का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान के रूप में की थी। उनकी कप्तानी में टीम ने लगातार शानदार प्रदर्शन किया और जल्द ही टूर्नामेंट की सबसे मजबूत फ्रेंचाइजी में अपनी जगह बना ली।

धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स को 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में आईपीएल चैंपियन बनाया। इस तरह उनकी कप्तानी में टीम ने पांच बार खिताब अपने नाम किया। इसके अलावा उन्होंने 2016 और 2017 में राइजिंग पुणे सुपरजायंट का भी प्रतिनिधित्व किया था।

धोनी की सबसे बड़ी खासियत दबाव में शांत रहकर फैसले लेना रही है। मुश्किल परिस्थितियों में मैच का रुख पलटना, गेंदबाजों का सही इस्तेमाल करना और युवा खिलाड़ियों को आत्मविश्वास देना उनकी कप्तानी की पहचान रही है।

उनके नेतृत्व में CSK ने केवल खिताब ही नहीं जीते, बल्कि आईपीएल में एक मजबूत टीम संस्कृति भी विकसित की। यही वजह है कि चेन्नई के प्रशंसकों के बीच उन्हें ‘थाला’ के नाम से जाना जाता है।

अब मेंटर के रूप में नई जिम्मेदारी संभालेंगे धोनी

IPL 2027 में धोनी की नई भूमिका टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। चेन्नई सुपर किंग्स इस समय अपनी टीम को नए सिरे से मजबूत करने और युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है।

ऐसे में धोनी का अनुभव फ्रेंचाइजी के लिए बड़ी ताकत साबित हो सकता है। उन्हें खेल की परिस्थितियों को समझने, विरोधी टीम की रणनीति का आकलन करने और दबाव के समय सही निर्णय लेने का लंबा अनुभव है।

मेंटor के रूप में वह खिलाड़ियों के साथ अपने अनुभव साझा कर सकेंगे। खासकर उन युवा क्रिकेटरों के लिए उनका मार्गदर्शन महत्वपूर्ण होगा, जो पहली बार आईपीएल जैसे बड़े मंच पर खेलेंगे।

‘योगी की पाती’ के 50 सप्ताह पूरे! संकल्प, संवाद और संवेदना की पहल, चिट्ठियों से जनता तक पहुंचने की कोशिश

इंटरनेशनल क्रिकेट के बाद अब IPL को भी कहा अलविदा

धोनी ने 15 अगस्त 2020 को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी। इसके बाद वह केवल आईपीएल में खेलते रहे। ऐसे में आईपीएल से बतौर खिलाड़ी उनका संन्यास उनके पेशेवर क्रिकेट करियर के एक बड़े अध्याय का अंत है।

हालांकि, धोनी अब भी चेन्नई सुपर किंग्स के साथ जुड़े रहेंगे। उनकी नई भूमिका से यह साफ है कि फ्रेंचाइजी उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता का इस्तेमाल भविष्य में भी करना चाहती है।

धोनी के लिए यह बदलाव भले ही एक नई शुरुआत हो, लेकिन उन प्रशंसकों के लिए भावुक पल जरूर है, जिन्होंने सालों तक उन्हें पीली जर्सी में आखिरी ओवर तक मुकाबला करते देखा है। अब मैदान पर उनके बल्ले से हेलीकॉप्टर शॉट देखने को नहीं मिलेंगे, लेकिन ड्रेसिंग रूम में उनकी मौजूदगी युवा खिलाड़ियों के लिए किसी बड़ी ताकत से कम नहीं होगी।

इस तरह आईपीएल में महेंद्र सिंह धोनी के खिलाड़ी के रूप में 18 सीजन का सफर समाप्त हो गया है। अब देखना होगा कि मेंटर के रूप में उनका अनुभव चेन्नई सुपर किंग्स को एक बार फिर चैंपियन बनाने में कितनी अहम भूमिका निभाता है।

Related Articles

Back to top button