NEET UG 2026 Exam Day Guidelines: परीक्षा केंद्र जाने से पहले जान लें ड्रेस कोड, जरूरी दस्तावेज और प्रतिबंधित सामान
NEET UG 2026 परीक्षा से पहले NTA के जरूरी दिशा-निर्देश जान लें। ड्रेस कोड, एडमिट कार्ड, रिपोर्टिंग टाइम, अनुमत और प्रतिबंधित वस्तुओं की पूरी जानकारी यहां पढ़ें।
NEET UG 2026 Exam Day Guidelines: NEET UG 2026 परीक्षा में शामिल होने जा रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा का दिन बेहद महत्वपूर्ण है। अच्छी तैयारी के बावजूद कई उम्मीदवार छोटी-छोटी गलतियों के कारण परेशानी का सामना कर लेते हैं। ऐसे में परीक्षा केंद्र पहुंचने से पहले राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा जारी दिशा-निर्देशों को ध्यान से समझना जरूरी है।
समय से पहले पहुंचें परीक्षा केंद्र
NEET UG 2026 परीक्षा दोपहर 2:00 बजे शुरू होगी, लेकिन अभ्यर्थियों को सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे के बीच परीक्षा केंद्र पर रिपोर्ट करना होगा। दोपहर 1:30 बजे के बाद मुख्य गेट बंद कर दिया जाएगा और इसके बाद किसी भी उम्मीदवार को प्रवेश नहीं मिलेगा। इसलिए ट्रैफिक और अन्य संभावित देरी को ध्यान में रखते हुए समय से पहले पहुंचने की सलाह दी जाती है।
क्या पहनें और क्या नहीं?
एनटीए ने ड्रेस कोड को लेकर स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। पुरुष अभ्यर्थियों को हल्के रंग के साधारण आधी आस्तीन वाले कपड़े पहनने चाहिए, जबकि महिलाओं को सादे और आरामदायक परिधान पहनने की सलाह दी गई है। भारी कढ़ाई, बड़े बटन, जैकेट, हुडी, फुल स्लीव्स और बंद जूतों से बचना चाहिए। साधारण चप्पल या खुली सैंडल पहनना बेहतर माना गया है।
परीक्षा केंद्र पर कौन-कौन से दस्तावेज साथ रखें?
उम्मीदवार अपने साथ प्रिंटेड एडमिट कार्ड, निर्धारित प्रारूप में फोटो, अतिरिक्त पासपोर्ट साइज फोटो और एक वैध मूल फोटो पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी या पासपोर्ट अवश्य रखें। दिव्यांग अभ्यर्थियों को संबंधित प्रमाण पत्र भी साथ रखना होगा।
क्या ले जाने की अनुमति है?
परीक्षा हॉल में केवल जरूरी दस्तावेज और एक पारदर्शी पानी की बोतल ले जाने की अनुमति होगी। इसके अलावा विशेष परिस्थितियों में संबंधित नियमों के अनुसार आवश्यक सामग्री की अनुमति दी जा सकती है।
इन चीजों पर है पूरी तरह प्रतिबंध
मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, कैलकुलेटर, कैमरा, वॉलेट, हैंडबैग, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, धातु के आभूषण, बेल्ट, स्टेशनरी आइटम और किसी भी प्रकार का अनधिकृत सामान परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं है। ऐसे सामान मिलने पर अभ्यर्थी को परीक्षा से वंचित भी किया जा सकता है।
सुरक्षा जांच और परीक्षा प्रक्रिया
प्रवेश से पहले सभी उम्मीदवारों की सुरक्षा जांच और बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाएगा। परीक्षा के दौरान रफ वर्क केवल प्रश्न पुस्तिका में निर्धारित स्थान पर ही किया जा सकेगा। परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थियों को निरीक्षक के निर्देशों का पालन करते हुए ओएमआर शीट जमा करनी होगी।
अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण सलाह
उम्मीदवार किसी भी अफवाह या सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट जानकारी पर भरोसा न करें। केवल एनटीए की आधिकारिक सूचनाओं का पालन करें और परीक्षा केंद्र पर शांत मन से समय पर पहुंचें। सही तैयारी के साथ नियमों का पालन करना भी सफलता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
Written By: Ekta Verma



