adevertisment Adevertiisment banner

NEET-UG 2026 : पेपर लीक का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, NTA से जुड़ा केमिस्ट्री टीचर निकला आरोपी

NEET-UG 2026 : CBI ने NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में कथित मास्टरमाइंड PV कुलकर्णी को गिरफ्तार किया है। आरोपी NTA के साथ परीक्षा प्रक्रिया में शामिल था और पुणे में छात्रों को लीक प्रश्न पढ़ाने का आरोप है।

NEET-UG 2026 : केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित मास्टरमाइंड पीवी कुलकर्णी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महाराष्ट्र के लातूर का रहने वाला है और पुणे में कार्यरत था। जांच एजेंसी के मुताबिक कुलकर्णी नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के साथ मेडिकल प्रवेश परीक्षा प्रक्रिया में शामिल था, जिसके कारण उसे प्रश्नपत्रों तक पहुंच मिली थी।

CBI के अनुसार, आरोपी ने अप्रैल 2026 के अंतिम सप्ताह में मनीषा वाघमारे नामक एक अन्य आरोपी की मदद से कुछ छात्रों को इकट्ठा किया और पुणे स्थित अपने घर पर विशेष कोचिंग क्लास चलाई। आरोप है कि इन क्लासों में कुलकर्णी ने छात्रों को परीक्षा में आने वाले सवाल, विकल्प और सही उत्तर बोलकर लिखवाए थे।

जांच एजेंसी का दावा है कि छात्रों की नोटबुक में लिखे गए प्रश्न और उत्तर NEET-UG 2026 के असली प्रश्नपत्र से पूरी तरह मेल खाते हैं। यही वजह है कि मामले को बड़े संगठित पेपर लीक रैकेट के रूप में देखा जा रहा है।

गौरतलब है कि 3 मई को आयोजित हुई NEET-UG 2026 परीक्षा को पेपर लीक विवाद के बाद रद्द कर दिया गया था। अब परीक्षा 21 जून को दोबारा कराई जाएगी। इस परीक्षा में 22 लाख से अधिक छात्रों ने हिस्सा लिया था।

CBI ने बताया कि जांच के दौरान देशभर में कई जगहों पर छापेमारी की गई, जहां से इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, मोबाइल फोन और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद हुए हैं। इन सभी का फॉरेंसिक और तकनीकी विश्लेषण जारी है।

एजेंसी ने 12 मई को शिक्षा मंत्रालय की शिकायत के बाद मामला दर्ज किया था। अब तक जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे और अहिल्यानगर से सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। CBI का कहना है कि जांच निष्पक्ष और पेशेवर तरीके से आगे बढ़ाई जा रही है।

Related Articles

Back to top button