महाराष्ट्र में कोरोना महामारी का कहर जारी, दूसरे दिन 15 हजार से ज्यादा केस आए सामने, 88 की मौत
मुंबई। कोरोना महामारी के खिलाफ देश में जहां एक तरफ दूसरे दौर का टीकाकरण अभियान जारी है, वहीं दूसरी तरफ दिल्ली महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में नए मामले भी तेजी से बढ़ रहे हैं। कोरोना संक्रमण एक बार बार फिर से महाराष्ट्र को अपनी गिरफ्त में ले रहा है। आज फिर से राज्य में 15000 से ज्यादा नए केस सामने आए। वहीं 24 घंटे में 88 लोगों की मौत कोरोना की वजह से हुई।
बता दें कि महाराष्ट्र में इस वक्त 5,70,695 लोग होम आइसोलेशन में हैं, जबकि 5,031 लोग अस्पताल या कोरोना के लिए बनाई जगहों में भर्ती हैं। महाराष्ट्र में 1,18,525 एक्टिव केस हैं। आज शनिवार को 7,467 कोरोना मरीज ठीक होकर अपने घर चले गए। वहीं, राज्य में अब तक कुल 21,25,211 लोग कोरोना से रिकवर हो चुके हैं। महाराष्ट्र का रिकवरी रेट 92.49% है।
उधर, पुणे जिला एक्टिव केसों के मामलों में टॉप पर है। यहां 24025 एक्टिव केस हैं. रोजाना कोरोना के केस मिलने के मामले में सभी नगर निगमों में नागपुर नगर निगम सबसे ऊपर है। यहां एक्टिव केसों की संख्या 1828 हैं। वहीं मुंबई में यह संख्या 1709 है और पुणे में 1667 है।
बात अगर टीकाकरण की करें तो मुंबई में 15 मार्च से 5 केंद्रों पर कोविशील्ड और कोवैक्सीन की डोज दी जाएगी। वहीं, देश में शनिवार को 9,74,090 लोगों को कोरोना वैक्सीन की डोज दी गई। इस तरह से टीकाकरण अभियान के तहत देशभर में अब तक 2,91,92,547 से ज्यादा लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है।