Oman Oil Tanker Attack : ओमान तट पर ऑयल टैंकर पर हमले में तीन भारतीय अब भी लापता, भारत ने कड़ा विरोध जताया
Oman Oil Tanker Attack : ओमान के तट पर ऑयल टैंकर 'सेटेबेलो' पर हुए हमले में 3 भारतीय लापता हो गए हैं। भारत ने अमेरिका के राजनयिक को तलब कर कड़ा विरोध दर्ज कराया और समुद्री सुरक्षा पर चिंता जताई है।
Oman Oil Tanker Attack : ओमान के तट के पास एक ऑयल टैंकर पर हुए हमले के बाद भारत ने कड़ा रुख अपनाते हुए अमेरिका के वरिष्ठ राजनयिक को तलब किया है। इस हमले में जहाज पर सवार 24 भारतीय क्रू सदस्यों में से 21 को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि तीन भारतीय अब भी लापता बताए जा रहे हैं।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, हमला ‘सेटेबेलो’ नामक कमर्शियल टैंकर पर हुआ, जिस पर कुल 28 लोग सवार थे। मंत्रालय ने बताया कि ओमान स्थित भारतीय दूतावास स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और ओमानी अधिकारियों के साथ मिलकर खोज एवं बचाव अभियान का समन्वय कर रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स और अंतरराष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा एजेंसियों के हवाले से कहा गया है कि जहाज पर अमेरिकी मिसाइल हमले की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इस संबंध में अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।
घटना के बाद भारत ने नई दिल्ली में अमेरिका के ‘चार्ज डी अफेयर्स’ जेसन मीक्स को तलब कर अपना विरोध दर्ज कराया। विदेश मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव (अमेरिका) नागराज नायडू ने भारत की ओर से समुद्र में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की।
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि पश्चिम एशिया क्षेत्र में जहाजों पर लगातार हो रहे हमले बेहद चिंताजनक हैं और यह क्षेत्र में जारी संघर्षों का प्रत्यक्ष परिणाम हैं। भारत ने सभी पक्षों से तत्काल युद्धविराम और कूटनीतिक समाधान की दिशा में कदम बढ़ाने की अपील की है।
सरकार ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से भी आग्रह किया है कि वैश्विक व्यापार मार्गों और महत्वपूर्ण समुद्री रास्तों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। साथ ही नागरिक बुनियादी ढांचे और वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाने की घटनाओं को तुरंत रोका जाए।
रिपोर्ट्स के अनुसार, पलाऊ के झंडे वाले इस केमिकल एवं ऑयल उत्पाद टैंकर के इंजन रूम में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद ओमान की नौसेना ने आपातकालीन संदेश मिलने पर तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। समुद्री ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म के अनुसार यह जहाज आखिरी बार 1 जून को ओमान के तट के पास देखा गया था।



