Petrol-Diesel Price: चुनाव के बाद पेट्रोल-डीजल महंगा होने की खबरों पर सरकार का जवाब, कीमत बढ़ाने की योजना से इनकार
Petrol-Diesel Price:केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों को लेकर चल रही अटकलों पर बड़ा बयान दिया है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने साफ कहा है कि विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद ईंधन के दाम बढ़ाने की कोई योजना नहीं है।
मंत्रालय की ओर से यह स्पष्टीकरण उस समय आया है जब सोशल मीडिया और कई जगहों पर यह चर्चा तेज थी कि पश्चिम बंगाल में मतदान समाप्त होते ही पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ सकते हैं। सरकार ने ऐसी सभी खबरों को अफवाह बताया है।
मंत्रालय में संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने प्रेस वार्ता में कहा कि फिलहाल पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का कोई प्रस्ताव नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें।
अफवाहों के चलते कुछ राज्यों में लोगों ने पहले से ज्यादा ईंधन खरीदना शुरू कर दिया था। आंध्र प्रदेश के कई शहरों में पेट्रोल पंपों पर भीड़ बढ़ गई, जिससे कुछ जगहों पर अस्थायी रूप से स्टॉक की समस्या सामने आई।
सरकार ने कहा है कि सभी राज्यों के साथ संपर्क बनाकर आपूर्ति व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी जगह पेट्रोल-डीजल की कमी न हो। खुदरा आउटलेट्स पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
सरकार के इस बयान के बाद चुनावों के बाद कीमतें बढ़ने की चर्चाओं पर विराम लग गया है।



