India Visit: विलियम-केट के मुंबई दौरे को लेकर ट्रैफिक प्लान जारी, 16 से 19 नवंबर तक कई मार्गों पर पाबंदी
India Visit: दक्षिण मुंबई में सुरक्षा के मद्देनजर लागू होंगे प्रतिबंध और डायवर्जन, कुछ इलाकों में पार्किंग पर भी रोक; आपातकालीन वाहनों को मिलेगी छूट।
India Visit: ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट के भारत दौरे को देखते हुए मुंबई पुलिस ने दक्षिण मुंबई में विशेष यातायात व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। 16 से 19 नवंबर 2026 के बीच शहर के कई प्रमुख इलाकों में वाहनों की आवाजाही पर अस्थायी प्रतिबंध रहेंगे। कुछ मार्गों पर यातायात डायवर्ट किया जाएगा, जबकि निर्धारित स्थानों पर पार्किंग की अनुमति नहीं होगी।
मुंबई ट्रैफिक पुलिस की ओर से जारी सूचना के अनुसार, हुतात्मा राजगुरु चौक, शहीद भगतसिंह मार्ग, बैलार्ड पियर और एनसीपीए परिसर के आसपास यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। दक्षिण मुंबई के इन क्षेत्रों से गुजरने वाले वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करना पड़ सकता है।
दक्षिण ट्रैफिक के डीसीपी हेमराजसिंह राजपूत द्वारा जारी अधिसूचना में बताया गया है कि सुरक्षा व्यवस्था और यातायात के सुचारू संचालन के लिए यह कदम उठाया गया है। प्रभावित क्षेत्रों में कुछ सड़कों पर वाहनों का प्रवेश रोका जाएगा और जरूरत के अनुसार दूसरे रास्तों की ओर भेजा जाएगा। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर अस्थायी रूप से पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी।
16 से 18 नवंबर तक मुंबई में रहेंगे शाही दंपती
प्रिंस विलियम और उनकी पत्नी प्रिंसेस केट 16 से 18 नवंबर तक मुंबई में प्रवास करेंगे। इस दौरान वे अर्थशॉट प्राइज समिट और अवॉर्ड नाइट में हिस्सा लेंगे। उनके कार्यक्रमों को ध्यान में रखते हुए दक्षिण मुंबई में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। इसी क्रम में ट्रैफिक पुलिस ने भीड़ और वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए विशेष योजना तैयार की है।
एंबुलेंस और दमकल वाहनों को छूट
ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधों के दायरे से आपातकालीन सेवाओं को बाहर रखा गया है। एंबुलेंस, दमकल विभाग, पुलिस और अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहन सामान्य रूप से आवागमन कर सकेंगे।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि प्रभावित इलाकों में जाने से पहले यातायात संबंधी निर्देशों की जानकारी प्राप्त कर लें। साथ ही प्रतिबंधित मार्गों से बचते हुए वैकल्पिक रास्तों का चयन करें, ताकि यात्रा के दौरान अनावश्यक परेशानी और जाम से बचा जा सके।



