UP Mau News: राहुल गांधी के जन्मदिन पर मऊ में कांग्रेस का सेवा अभियान, वृद्धाश्रम में फल बांटे और लगाए पौधे
जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव बोले- राहुल गांधी देश के करोड़ों वंचितों और युवाओं की बुलंद आवाज
UP Mau News: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का जन्मदिन शुक्रवार (19 जून) को जनपद मऊ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा उत्साह, हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कार्यालय में एक मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव ने की। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने केक काटकर राहुल गांधी के दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सेवा और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
इस विशेष अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केवल उत्सव ही नहीं मनाया, बल्कि समाज सेवा के माध्यम से राहुल गांधी की जनसेवा की विचारधारा को भी आगे बढ़ाया। कार्यक्रम के तहत कार्यकर्ताओं की एक टीम मोहम्मदाबाद स्थित वृद्धाश्रम पहुंची, जहां उन्होंने वृद्धजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उन्हें फल वितरित किए। कार्यकर्ताओं ने कहा कि इस सेवा कार्य का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों के प्रति संवेदना और सम्मान व्यक्त करना है।
इसके साथ ही जनपद के घोसी क्षेत्र में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यकर्ताओं ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित वातावरण बनाने का संकल्प लिया।
राहुल गांधी देश के करोड़ों वंचितों की बुलंद आवाज : राजमंगल यादव
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव ने कहा कि राहुल गांधी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि देश के करोड़ों युवाओं, किसानों, मजदूरों, शोषितों और वंचितों की बुलंद आवाज हैं।
UP Mau News: ट्रेन उद्घाटन से पहले थमी नहीं सियासी रार, सपा नेताओं को पुलिस का नोटिस
उन्होंने कहा,
“राहुल गांधी जी बिना डरे और बिना झुके सत्य की राजनीति कर रहे हैं। वे देश को जोड़ने, नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलने और भाईचारे का संदेश फैलाने वाले सच्चे जननायक हैं। उनकी निडर कार्यशैली और देशव्यापी विचारधारा भारत के उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद है।”
इस अवसर पर उदय प्रताप राय, मनोज गिहार, हफीजुर्रहमान, महेंद्र सोनकर, रामकेश पटेल, गुलशन कुमार, वीरेंद्र तिवारी, सुरेश राजभर, सुशीला देवी, फहद कादिर, सतीराम यादव, कन्हैया गोंड, सुखराम चौहान, अमरनाथ, अरविंद यादव, राजेश यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के नेतृत्व में अपनी निष्ठा व्यक्त करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।



