IPL 2026: RCB vs GT Qualifier 1! विजय माल्या ने आरसीबी को भेजा खास संदेश, फाइनल में जगह बनाने पर नजर
धर्मशाला में गुजरात टाइटंस से भिड़ेगी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, क्वालीफायर-1 से पहले विजय माल्या का वायरल पोस्ट
IPL 2026: आईपीएल 2026 का रोमांच अब अपने निर्णायक दौर में पहुंच चुका है। पहला क्वालीफायर मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच खेला जाएगा। यह हाई-वोल्टेज मैच धर्मशाला स्थित हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में आयोजित होगा। इस मुकाबले की विजेता टीम सीधे फाइनल में प्रवेश करेगी।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम लगातार दूसरी बार आईपीएल फाइनल में जगह बनाने के इरादे से मैदान पर उतरेगी, जबकि गुजरात टाइटंस अपनी शानदार फॉर्म को बरकरार रखना चाहेगी।
विजय माल्या ने टीम को दी शुभकामनाएं
आरसीबी फ्रेंचाइजी के संस्थापक विजय माल्या ने क्वालीफायर मुकाबले से पहले टीम को खास संदेश भेजा है। लंदन में रह रहे विजय माल्या ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा,
“आरसीबी के हमारे बड़े शेरों को शुभकामनाएं। बेंगलुरु के हमारे शेरों के लिए आईपीएल फाइनल में सीधे पहुंचने का यह शानदार मौका है। निडर होकर खेलो और जोर से दहाड़ो। भगवान तुम्हारा भला करे।”
उनका यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस भी अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
धर्मशाला में टॉस निभा सकता है बड़ी भूमिका
धर्मशाला की पिच को बल्लेबाजों के लिए अनुकूल माना जाता है। आईपीएल 2026 में यहां अब तक खेले गए तीन मुकाबलों में से दो रात के मैच रहे हैं, और दोनों में पहले गेंदबाजी करने वाली टीम को जीत मिली है।
रात के समय ओस की वजह से बल्लेबाजी आसान हो जाती है। ऐसे में क्वालीफायर-1 में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी का फैसला कर सकती है। इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर करीब 192 रन रहा है, जिससे एक हाई-स्कोरिंग मुकाबले की उम्मीद जताई जा रही है।
क्वालीफायर-1 में दोनों टीमों का रिकॉर्ड
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का रिकॉर्ड पहले क्वालीफायर में अच्छा रहा है। टीम ने अब तक तीन बार क्वालीफायर-1 खेला है, जिसमें दो बार जीत हासिल की और एक बार हार मिली।
- 2011 में चेन्नई सुपर किंग्स से हार
- 2016 में गुजरात जायंट्स पर जीत
- 2025 में पंजाब किंग्स को हराया
वहीं गुजरात टाइटंस ने अब तक दो बार क्वालीफायर-1 खेला है।
- 2022 में राजस्थान रॉयल्स को हराया
- 2023 में चेन्नई सुपर किंग्स से हार मिली
अब देखना दिलचस्प होगा कि इस बार कौन सी टीम फाइनल का टिकट हासिल करती है।



