Revanth Reddy US Visit: रेवंत रेड्डी का US दौरा रद्द, केंद्र ने नहीं दी मंजूरी; लंदन से 23 अगस्त को लौटेंगे हैदराबाद

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी को ब्रिटेन यात्रा की मंजूरी मिली, लेकिन अमेरिका जाने की अनुमति नहीं दी गई। उनका बोस्टन दौरा अब रद्द हो गया है।

Revanth Reddy US Visit: तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी की प्रस्तावित अमेरिका यात्रा रद्द हो गई है। मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक, केंद्र सरकार के विदेश मंत्रालय ने उनके नेतृत्व वाले आधिकारिक ‘तेलंगाना राइजिंग’ प्रतिनिधिमंडल को अमेरिका जाने की अनुमति नहीं दी। रेवंत रेड्डी फिलहाल लंदन में हैं और उनका अगला कार्यक्रम अमेरिका के बोस्टन जाने का था। अब यात्रा रद्द होने के बाद वह 23 अगस्त को लंदन से सीधे हैदराबाद लौटेंगे।

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से शुक्रवार को जारी जानकारी के अनुसार, तेलंगाना सरकार ने निर्धारित नीति और प्रोटोकॉल के तहत मुख्यमंत्री की ब्रिटेन और अमेरिका यात्रा के लिए केंद्र सरकार से अनुमति मांगी थी। केंद्र की ओर से ब्रिटेन यात्रा को मंजूरी दे दी गई, लेकिन अमेरिका दौरे को अनुमति नहीं मिली। सीएमओ के मुताबिक, मुख्यमंत्री और आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल के ब्रिटेन पहुंचने के बाद राज्य सरकार को अमेरिका यात्रा की मंजूरी नहीं दिए जाने की जानकारी दी गई।

इसके बाद रेवंत रेड्डी के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल को अपना प्रस्तावित अमेरिकी दौरा रद्द करना पड़ा। मुख्यमंत्री की योजना लंदन से अमेरिका के बोस्टन जाने की थी। वहां उन्हें ‘तेलंगाना राइजिंग’ पहल के तहत कई बैठकों और कार्यक्रमों में हिस्सा लेना था। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य तेलंगाना में निवेश आकर्षित करना और राज्य को वैश्विक निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में बढ़ावा देना था।

प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत प्रतिनिधिमंडल की अमेरिका में कारोबार और निवेश से जुड़े लोगों के साथ बैठकें होनी थीं। तेलंगाना सरकार की कोशिश राज्य में बड़े निवेश और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की है। ‘तेलंगाना राइजिंग’ पहल को इसी उद्देश्य से आगे बढ़ाया जा रहा है। अमेरिका दौरा इसी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा था, लेकिन केंद्र से अनुमति नहीं मिलने के कारण फिलहाल इसे रद्द करना पड़ा है।

रेवंत रेड्डी की वापसी की तारीख में भी बदलाव हुआ है। पहले मुख्यमंत्री के 30 अगस्त को हैदराबाद लौटने का कार्यक्रम था, लेकिन अमेरिका यात्रा रद्द होने के बाद अब वह 23 अगस्त को ही लंदन से हैदराबाद वापस लौटेंगे। यानी उनका विदेश दौरा तय कार्यक्रम से करीब एक सप्ताह पहले समाप्त हो जाएगा।

Punjab Politics: मोदी-सुखबीर मुलाकात के सूत्रधार बने नायब सैनी, क्या फिर साथ आएंगे BJP-अकाली दल?

इस घटनाक्रम के बाद केंद्र और तेलंगाना सरकार के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज होने की संभावना है। तेलंगाना में कांग्रेस की सरकार है और रेवंत रेड्डी लगातार राज्य के विकास तथा निवेश से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता देते रहे हैं। ऐसे में अमेरिका यात्रा की अनुमति नहीं मिलने का मुद्दा राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

हालांकि, मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी जानकारी में यह बताया गया है कि केंद्र ने अमेरिका यात्रा की अनुमति नहीं दी, जबकि ब्रिटेन यात्रा को मंजूरी दी गई थी। अनुमति नहीं दिए जाने की वजह को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में अब सभी की नजरें इस बात पर हैं कि केंद्र सरकार की ओर से इस निर्णय को लेकर आगे क्या स्पष्टीकरण दिया जाता है।

फिलहाल रेवंत रेड्डी का अमेरिका दौरा रद्द हो चुका है और वह 23 अगस्त को लंदन से हैदराबाद लौटेंगे। ‘तेलंगाना राइजिंग’ के तहत अमेरिका में प्रस्तावित निवेश बैठकों और कार्यक्रमों को भी अब आगे के लिए टालना पड़ेगा।

Related Articles

Back to top button